Saturday, November 28, 2026
Latest:
उत्तराखंड

उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज: दो स्थानों पर दर्ज नामों को हटाने के लिए होगा ‘DSE’ मॉड्यूल का इस्तेमाल, 11 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन

उत्तराखंड में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान तेज: दो स्थानों पर दर्ज नामों को हटाने के लिए होगा ‘DSE’ मॉड्यूल का इस्तेमाल, 11 दिसंबर तक कर सकेंगे आवेदन

​देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए चल रहे ‘विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम’ (SSR) के तहत दो स्थानों पर दर्ज मतदाताओं की पहचान शुरू कर दी गई है। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने स्पष्ट किया है कि चुनाव आयोग ‘डुप्लीकेट सिमिलर एंट्री’ (DSE) मॉड्यूल की सहायता से जांच कर नियमानुसार दोहरे नामों को सूची से हटाएगा। शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में उन्होंने अभियान की प्रगति साझा की और दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट्स (BLA) को सक्रिय कर नाम, आयु या पते की त्रुटियों में सुधार के लिए अधिक से अधिक ‘फार्म-8’ भरवाएं। बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास सहित भाजपा, कांग्रेस, बसपा, आम आदमी पार्टी और सीपीआई (एम) के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

​अब तक प्राप्त हुए एक लाख से अधिक आवेदन, 4 जनवरी को जारी होगी अंतिम सूची

​मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 12 नवंबर 2026 से प्रारंभ हुए इस अभियान के अंतर्गत अब तक नया नाम जोड़ने (फार्म-6) के लिए लगभग 50 हजार, नाम कटवाने (फार्म-7) के लिए करीब 8 हजार तथा विवरण में संशोधन (फार्म-8) के लिए लगभग 43 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। निर्धारित कार्यक्रम के तहत आम नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, कटवाने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए 11 दिसंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। इसके पश्चात 28 दिसंबर 2026 तक सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा तथा 4 जनवरी 2027 को राज्य की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *