Saturday, November 28, 2026
Latest:
उत्तराखंड

हरिद्वार में पॉड टैक्सी (PRT) परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी: 3,028 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे 3 कॉरिडोर और 21 स्टेशन

हरिद्वार में पॉड टैक्सी (PRT) परियोजना को कैबिनेट की मंजूरी: 3,028 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे 3 कॉरिडोर और 21 स्टेशन

​देहरादून। धर्मनगरी हरिद्वार में यातायात जाम की समस्या को कम करने और श्रद्धालुओं के आवागमन को सुगम बनाने के लिए उत्तराखंड कैबिनेट ने पर्सनल रैपिड ट्रांजिट (पीआरटी) सिस्टम यानी पॉड टैक्सी परियोजना के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सचिवालय में हुई बैठक में आवास विभाग के इस प्रस्ताव पर मुहर लगाई गई। लोक निजी सहभागिता (पीपीपी-डीबीएफओटी) मोड पर तैयार होने वाली इस परियोजना की अनुमानित लागत 3,028 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिसके लिए कुल 6.9555 हेक्टेयर भूमि (6.1171 हेक्टेयर सरकारी और 0.8384 हेक्टेयर निजी) तथा सीतापुर डिपो के पास पांच वर्षों के लिए दो हेक्टेयर अस्थायी भूमि चिह्नित की गई है।

​21.08 किलोमीटर लंबे नेटवर्क में शामिल होंगे तीन प्रमुख कॉरिडोर

​योजना के अंतर्गत कुल 21.08 किलोमीटर लंबा ट्रैक विकसित किया जाएगा, जिस पर 21 स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें पहला कॉरिडोर सीतापुर से भारत माता मंदिर तक 15.58 किलोमीटर का होगा, जिसमें 15 स्टेशन प्रस्तावित हैं। दूसरा कॉरिडोर सिटी हॉस्पिटल से दक्ष मंदिर तक 3.10 किलोमीटर का होगा, जिसमें चार स्टेशन बनेंगे, जबकि तीसरा कॉरिडोर गणेशपुरम से डीएवी स्कूल तक 2.40 किलोमीटर का होगा, जिसमें दो स्टेशन शामिल होंगे। संशोधित एलाइनमेंट में वाल्मीकि चौक से ललतारौ पुल, भीमगोड़ा और गंगनहर किनारे के मार्ग को जोड़ा गया है, हालांकि अंतिम स्टेशनों के नाम व स्थान संशोधित डीपीआर में स्पष्ट किए जाएंगे।

​आपत्तियों के बाद बदला एलाइनमेंट, व्यापारिक संगठनों ने फैसले का किया स्वागत

​उत्तराखंड मेट्रो रेल शहरी अवस्थापना और भवन निर्माण निगम द्वारा तैयार प्रारंभिक प्रस्ताव में शहर के भीतर सड़कों के बीच पिलर खड़े कर एलिवेटेड ट्रैक बनाने की योजना थी। इस पर स्थानीय व्यापारियों, संतों और श्रीगंगा सभा ने संकरी सड़कों, व्यापारिक गतिविधियों और हरकी पैड़ी क्षेत्र की गरिमा प्रभावित होने की चिंता जताते हुए आपत्ति दर्ज कराई थी। मार्ग में किए गए इस संशोधन के बाद प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल और प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने नए एलाइनमेंट को जनहित में लिया गया सकारात्मक निर्णय बताते हुए इसका स्वागत किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *