भ्रामक विज्ञापन मामले में सलमान खान और राजश्री पान मसाला को नोटिस, राजस्थान राज्य उपभोक्ता आयोग ने तलब किया जवाब
भ्रामक विज्ञापन मामले में सलमान खान और राजश्री पान मसाला को नोटिस, राजस्थान राज्य उपभोक्ता आयोग ने तलब किया जवाब
जोधपुर। पान मसाला के विज्ञापन में किए गए दावों और सेलिब्रिटी प्रचार की प्रामाणिकता को लेकर बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान और राजश्री पान मसाला निर्माता कंपनी की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। राजस्थान राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की जोधपुर सर्किट बेंच ने एक पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई करते हुए अभिनेता और संबंधित कंपनी को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जोधपुर निवासी गजेन्द्र कुमार द्वारा दायर इस याचिका में आरोप लगाया गया है कि 5 से 10 रुपये के पाउच में चार लाख रुपये प्रति किलोग्राम की दर वाला केसर डालना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। इसे उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के तहत भ्रामक विज्ञापन घोषित करने की मांग की गई है।
याचिकाकर्ता के वकील रामनिवास चौधरी के अनुसार, इस विवाद में कानूनी दस्तावेजों की सत्यता पर भी सवाल उठाए गए हैं। याचिका में आरोप है कि जिला उपभोक्ता आयोग के समक्ष पेश वकालतनामे और दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षर सलमान खान के वास्तविक हस्ताक्षर नहीं हैं, जिसके चलते इनकी फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) से जांच और अभिनेता की व्यक्तिगत उपस्थिति की मांग की गई थी।
19 जनवरी 2027 को होगी अगली सुनवाई
इससे पहले जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (द्वितीय), जोधपुर ने 16 सितंबर 2026 को याचिकाकर्ता की इन मांगों को खारिज कर दिया था, जिसके विरुद्ध राज्य आयोग में पुनरीक्षण याचिका दायर की गई। याचिका में यह चिंता भी जताई गई है कि लोकप्रिय अभिनेताओं द्वारा स्वास्थ्य के लिए हानिकारक उत्पादों का प्रचार युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित करता है। राज्य आयोग ने याचिका स्वीकार करते हुए मामले की अगली सुनवाई 19 जनवरी 2027 तय की है।

