प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स 2026, भारत की कजियाह टॉप-30 तक पहुंचीं
प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो बनीं मिस यूनिवर्स 2026, भारत की कजियाह टॉप-30 तक पहुंचीं
सैन जुआन। प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने 75वीं मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता का खिताब जीत लिया है। अपने देश में आयोजित ग्रैंड फिनाले में जेनिफर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ताज अपने नाम किया। इस मुकाबले में डोमिनिकन रिपब्लिक की प्रतिभागी फर्स्ट रनर-अप रहीं, जबकि वेनेजुएला की सुंदरी ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं कजियाह लिज मेजो ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए टॉप-30 में जगह बनाई, लेकिन वह टॉप-12 में पहुंचने से चूक गईं।
जेनिफर बैरेटो अपनी उपलब्धियों और सामाजिक कामों के लिए भी पहचानी जाती हैं। उनके पास रिसर्च साइकोलॉजी में ग्रेजुएशन और साइकोलॉजी व क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां हैं। 2021 में उन्होंने अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ डिफेंस के साथ टेक्सास के फोर्ट हूड में काम किया, जहां उन्होंने सैन्य परिवारों की मदद और घरेलू हिंसा व बाल शोषण से जुड़े मामलों पर काम किया। उन्होंने कार्ल आर. डार्नल आर्मी मेडिकल सेंटर में भी अपनी सेवाएं दी हैं।
116 प्रतिभागियों के बीच हुआ 75वां आयोजन
मिस यूनिवर्स के 75 साल पूरे होने के मौके पर यह आयोजन प्यूर्टो रिको के सैन जुआन स्थित जोस मिगुएल एग्रेलोट कोलिजियम में किया गया। इसमें दुनिया भर से 116 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। नेशनल कॉस्ट्यूम, प्रीलिमिनरी और फाइनल राउंड के आधार पर विजेता का चयन हुआ। फिनाले में पूर्व मिस यूनिवर्स फातिमा बॉश ने जेनिफर बैरेटो को ताज पहनाया।

