गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा: स्वागत में लगी JCB की चपेट में आने से छात्र की मौत
गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA यात्रा के दौरान दर्दनाक हादसा: स्वागत में लगी JCB की चपेट में आने से छात्र की मौत
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। यात्रा के स्वागत के लिए लगाई गई जेसीबी (JCB) की चपेट में आने से 14 वर्षीय छात्र आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई। मृतक के पिता ओंकार सिंह श्रीनेत बीजेपी नेता हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
कैसे हुआ हादसा?
अखिलेश यादव गोरखपुर एयरपोर्ट से चौरी-चौरा के देवकही गांव के लिए PDA रथ यात्रा पर निकले थे। एयरपोर्ट से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर कूड़ाघाट स्थित महादेव झारखंडी गेट के सामने सपा कार्यकर्ताओं ने जेसीबी के जरिए फूल बरसाकर और माला पहनाकर उनका स्वागत किया। काफिला आगे बढ़ने के दौरान ही कक्षा 10 का छात्र आर्यवर्धन स्कूटी से सड़क पार कर रहा था। आरोप है कि तभी पीछे से आ रही जेसीबी ने उसे टक्कर मार दी, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई और अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
6 नामजद सहित 50-60 अज्ञात पर मुकदमा दर्ज
मृतक के पिता की तहरीर पर एम्स थाना पुलिस ने 6 नामजद और 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने अखिलेश यादव तथा आयोजक समिति के खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीएम योगी ने की 5 लाख की सहायता की घोषणा, सियासत गरमाई
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताते हुए पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। वहीं, इस हादसे को लेकर सियासी आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। बीजेपी ने इसे सपाइयों के हुड़दंग और गैर-जिम्मेदाराना रवैये का नतीजा बताते हुए निशाना साधा है, साथ ही सड़क पर जेसीबी चलाने की अनुमति को लेकर प्रशासनिक जांच की मांग की है।

