अल नीनो के खतरे से पेरू में ईंधन संकट की आशंका, सरकार ने लगाई फ्यूल सप्लाई इमरजेंसी
अल नीनो के खतरे से पेरू में ईंधन संकट की आशंका, सरकार ने लगाई फ्यूल सप्लाई इमरजेंसी
अल नीनो के संभावित असर के चलते हाइड्रोकार्बन सप्लाई में रुकावट की आशंका को देखते हुए पेरू सरकार ने फ्यूल सप्लाई इमरजेंसी (ईंधन आपूर्ति आपातकाल) घोषित कर दी है। ऊर्जा और खान मंत्रालय के मुताबिक, यह कदम खराब मौसम के बावजूद देशभर में ईंधन की उपलब्धता बनाए रखने और समय रहते जरूरी इंतजाम करने के लिए उठाया गया है।
पूरी सप्लाई चेन पर लागू होगा आपातकाल
मंत्रालय ने बताया कि इस आदेश के दायरे में प्रोसेसिंग, रिफाइनिंग, स्टोरेज और मार्केटिंग समेत हाइड्रोकार्बन की पूरी आपूर्ति श्रृंखला आएगी। भारी बारिश, बाढ़, भूस्खलन और मड स्लाइड से ईंधन ढांचे को नुकसान पहुंचने का खतरा है, जिससे परिवहन, बिजली, व्यापार और उत्पादन जैसी जरूरी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। पेरू की कुल ऊर्जा जरूरतों में हाइड्रोकार्बन की हिस्सेदारी 67 फीसदी है। स्थिति की निगरानी और आगे के कदम तय करने की जिम्मेदारी ऊर्जा और खनन निवेश पर्यवेक्षी प्राधिकरण को दी गई है। यह आपातकाल आठ महीने तक लागू रहेगा।
1,380 जिलों में पहले ही घोषित है अलर्ट
इससे पहले 3 नवंबर को पेरू ने अल नीनो के खतरे को भांपते हुए 24 विभागों और कैलाओ प्रांत के 1,380 जिलों में 60 दिनों के लिए आपातकाल लगाया था। इनमें लीमा, कुस्को, अरेक्विपा और पियुरा जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं। नागरिक सुरक्षा एजेंसी (आईएनडीईसीआई) के आकलन के आधार पर स्थानीय प्रशासन और मंत्रालयों के तालमेल से जोखिम घटाने व लोगों की सुरक्षा के उपाय किए जा रहे हैं। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि अल नीनो के तीव्र होने से भारी बारिश का खतरा और बढ़ सकता है।

