Monday, November 16, 2026
Latest:
उत्तराखंड

नमामि गंगे और व्यापक स्वच्छता अभियान से निखरी मां गंगा की निर्मलता: हरिद्वार में धामी सरकार के प्रयासों से साकार हो रहा स्वच्छ गंगा का सपना

नमामि गंगे और व्यापक स्वच्छता अभियान से निखरी मां गंगा की निर्मलता: हरिद्वार में धामी सरकार के प्रयासों से साकार हो रहा स्वच्छ गंगा का सपना

​हरिद्वार से बहने वाली मां गंगा का गहरा नीला और स्वच्छ जल इन दिनों देश-विदेश में सकारात्मक चर्चा का केंद्र बना हुआ है। जहां पहले गंगा में प्रदूषण को लेकर चिंता जताई जाती थी, वहीं अब स्थिति में आया यह सकारात्मक बदलाव धामी सरकार के दीर्घकालिक और तात्कालिक प्रयासों का परिणाम है। राज्य सरकार ने ‘नमामि गंगे’ परियोजना के तहत जहां एसटीपी प्लांट और नाला टैपिंग के जरिए मजबूत आधारभूत ढांचा तैयार किया है, वहीं हालिया ‘गंगा बंदी’ के दौरान चले व्यापक स्वच्छता अभियान ने इस मिशन को एक नया आयाम दिया है।

​मजबूत हुआ बुनियादी ढांचा: सभी 22 नाले टैप

उत्तराखंड पेयजल निगम ने गंगा को प्रदूषण मुक्त करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया है। निगम ने गंगा में गिरने वाले सभी 22 नालों को टैप कर उनकी निकासी को आधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) से जोड़ दिया है। वर्तमान में हरिद्वार में कुल 145 एमएलडी (MLD) क्षमता के पांच एसटीपी प्लांट दिन-रात अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके साथ ही, शिवालिक नगर में एक अतिरिक्त एसटीपी और विभिन्न स्थानों पर 8 सीवरेज पंपिंग स्टेशन भी विकसित किए जा रहे हैं।

​गंगा बंदी के दौरान निकला 100 टन से अधिक कचरा

बुनियादी विकास के अलावा, इस बार गंगा बंदी के दौरान प्रशासन ने एक विशाल स्वच्छता अभियान चलाया। इस अभियान में विभिन्न सरकारी विभागों, धार्मिक व स्वयंसेवी संस्थाओं के साथ-साथ व्यापारिक संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और 100 टन से अधिक कचरा एकत्रित किया। इस अभियान के तहत घाटों और नदी तटों की सफाई के साथ-साथ वर्षों से जमा प्लास्टिक कचरा, पूजा सामग्री के अवशेष और नदी में प्रवाहित किए गए कपड़ों को बाहर निकाला गया। नतीजा यह रहा कि दीपावली की रात जब मां गंगा का जल अपने पूरे वेग के साथ हर की पैड़ी के पवित्र क्षेत्र में लौटा, तो श्रद्धालुओं को मां गंगा के बेहद अलौकिक और दिव्य स्वरूप के दर्शन हुए। प्रशासन अब तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को जागरूक कर इस स्वच्छता को बरकरार रखने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

​”मां गंगा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवनदायिनी धरोहर हैं। इनकी निर्मलता और अविरलता बनाए रखना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नमामि गंगे परियोजना के तहत एसटीपी प्लांटों के निर्माण, नालों की टैपिंग और व्यापक स्वच्छता अभियानों से गंगा की स्वच्छता को नई गति मिली है। गंगा बंदी के दौरान जनसहभागिता से चलाया गया सफाई अभियान भी सराहनीय है। हमारा संकल्प है कि मां गंगा की स्वच्छता और पवित्रता को बनाए रखने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास जारी रहेंगे।”

— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *