देश के 6 राज्यों में दौड़ेंगी Green SM की इलेक्ट्रिक कैब, कंपनी ने 8 रुपये/किमी किराये की खबरों को बताया गलत
देश के 6 राज्यों में दौड़ेंगी Green SM की इलेक्ट्रिक कैब, कंपनी ने 8 रुपये/किमी किराये की खबरों को बताया गलत
भारत में इलेक्ट्रिक वाहनों के बढ़ते चलन के बीच इलेक्ट्रिक कैब सेवा कंपनी Green SM ने देश के छह राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में अपनी सेवाओं का विस्तार करने का ऐलान किया है। फिलहाल दिल्ली-एनसीआर और हैदराबाद में कैब चला रही यह कंपनी अब जल्द ही बेंगलुरु और चेन्नई में भी अपनी सेवाएं शुरू करने जा रही है। कंपनी को इसके लिए दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और कर्नाटक में जरूरी लाइसेंस भी मिल चुके हैं।
सेवा विस्तार की घोषणा के साथ ही कंपनी ने सोशल मीडिया और मीडिया में चल रही उन खबरों को पूरी तरह गलत और निराधार बताया है, जिनमें दावा किया जा रहा था कि Green SM का किराया 8 रुपये प्रति किलोमीटर है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि वह संबंधित राज्यों के परिवहन विभाग द्वारा तय नियमों के अनुसार ही किराया वसूलती है। यात्री बुकिंग कन्फर्म करने से पहले मोबाइल ऐप पर अपनी यात्रा का सटीक किराया देख सकते हैं।
इस विस्तार से स्थानीय स्तर पर हजारों ड्राइवरों के लिए रोजगार और कमाई के नए अवसर पैदा होंगे। कंपनी पारंपरिक टैक्सी चालकों को भी अपने नेटवर्क से जोड़कर उन्हें ट्रेनिंग और बेहतर सुविधाएं देगी।
गौरतलब है कि विनफास्ट (VinFast) समर्थित Green SM ने जून 2026 में दिल्ली-एनसीआर से अपने सफर की शुरुआत की थी। कंपनी के बेड़े में हजारों VinFast Limo Green इलेक्ट्रिक गाड़ियां शामिल हैं, जिनकी मदद से उसने शुरुआती पांच महीनों में ही 15 लाख से अधिक यात्राएं पूरी कर ली हैं। इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए हवाई अड्डों पर भी खास पिकअप जोन तैयार किए जा रहे हैं।

