नए अवतार में आ रही हैं टोयोटा की दो दिग्गज गाड़ियां, जानें कब लॉन्च होंगी इनोवा हायक्रॉस और फॉर्च्यूनर
नए अवतार में आ रही हैं टोयोटा की दो दिग्गज गाड़ियां, जानें कब लॉन्च होंगी इनोवा हायक्रॉस और फॉर्च्यूनर
भारतीय कार बाजार में अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए टोयोटा (Toyota) अपने दो सबसे लोकप्रिय मॉडलों—इनोवा हायक्रॉस और फॉर्च्यूनर को नए अवतार में पेश करने जा रही है। कंपनी 25 नवंबर 2026 को इनोवा हायक्रॉस फेसलिफ्ट की कीमतों का ऐलान करेगी। वहीं, नई जनरेशन फॉर्च्यूनर की पहली झलक 1 दिसंबर को दक्षिण अफ्रीका में देखने को मिलेगी, जिसे भारत में 2027 तक लॉन्च किया जा सकता है।
इनोवा हायक्रॉस फेसलिफ्ट में फ्लेक्स-फ्यूल तकनीक
साल 2022 में लॉन्च हुई इनोवा हायक्रॉस को पहला बड़ा अपडेट मिलने जा रहा है। इसके बाहरी लुक में नई फ्रंट ग्रिल, पतले एलईडी हेडलैंप, अपडेटेड बंपर और नए अलॉय व्हील देखने को मिल सकते हैं। केबिन को प्रीमियम बनाने के लिए इसमें 12.3 इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले दिया जा सकता है। सबसे बड़ा बदलाव इसके 2.0-लीटर पेट्रोल-हाइब्रिड इंजन में होगा, जिसे ज्यादा एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल (फ्लेक्स-फ्यूल) पर चलने के लिए तैयार किया जा रहा है।
दमदार लुक और एडवांस फीचर्स के साथ आएगी नई फॉर्च्यूनर
नई जनरेशन फॉर्च्यूनर में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। इसका दमदार डिजाइन नई टोयोटा हिलक्स से प्रेरित हो सकता है, जिसमें बड़ी ग्रिल, पतले हेडलैंप और पीछे की तरफ कनेक्टेड एलईडी लाइट बार मिलेगी।
इंटीरियर में भी 12.3 इंच के दो बड़े डिस्प्ले दिए जाएंगे। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा, आगे की वेंटिलेटेड सीटें, वायरलेस चार्जिंग और सुरक्षा के लिए लेवल-2 ADAS जैसे हाई-टेक फीचर्स मिलने की उम्मीद है। हालांकि, इसमें मौजूदा 2.8-लीटर डीजल और 2.7-लीटर पेट्रोल इंजन के विकल्प बरकरार रह सकते हैं।

