सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: सौराष्ट्र के खिलाफ पहले मैच में हारी बिहार की टीम, युवा कप्तान वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड भी फीका पड़ा
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी: सौराष्ट्र के खिलाफ पहले मैच में हारी बिहार की टीम, युवा कप्तान वैभव सूर्यवंशी का रिकॉर्ड भी फीका पड़ा
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 के अपने पहले मुकाबले में बिहार की टीम को सौराष्ट्र के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा है। इंदौर के होलकर स्टेडियम में खेले गए इस मैच में बिहार की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट पर 137 रन बनाए, जिसे सौराष्ट्र ने 16.3 ओवर में 5 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
वैभव सूर्यवंशी बने सबसे युवा टी20 कप्तान
हार के बावजूद इस मैच में बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने नाम एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड दर्ज किया। महज 15 साल और 232 दिन की उम्र में टीम की कमान संभालते हुए वे पुरुष टी20 क्रिकेट इतिहास के सबसे युवा कप्तान बन गए हैं। उन्होंने क्रोएशिया के जैक वुकुसिक (17 वर्ष 311 दिन) का रिकॉर्ड तोड़ा। हालांकि, कप्तान के रूप में उनका पहला मैच बल्ले से यादगार नहीं रहा और वे 12 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हो गए।
बिहार की पारी का हाल
बिहार की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। आलोक कुमार (4 रन) और आयुष लोहारुका (9 रन) सस्ते में पवेलियन लौट गए। अल्तमश अशरफ ने 24 और राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने 14 रन बनाए। निचले क्रम में पृथ्वी राज ने सबसे ज्यादा 38 रनों की आतिशी पारी खेली, जिसमें 4 छक्के शामिल थे। इसके चलते बिहार 137 के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच सका।
सौराष्ट्र की आसान जीत
138 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सौराष्ट्र की शुरुआत आक्रामक रही। हरवंस सिंह पंगालिया ने मात्र 11 गेंदों में 33 रनों की तूफानी पारी खेली। इसके अलावा हार्विक देसाई (21), विश्वराज जडेजा (18) के अलावा रुचिट अहीर और सिद्धांत राणा (दोनों 21-21 रन पर नाबाद) ने टीम को आसानी से लक्ष्य तक पहुंचा दिया। बिहार की तरफ से गेंदबाजी में सूरज कश्यप ने सबसे, ज्यादा 3 विकेट झटके।

