Sunday, November 15, 2026
Latest:
राजनीति

एनसीपी के विलय की अटकलों पर सुप्रिया सुले का स्पष्टीकरण: कहा—”भाई के जाने के बाद पार्टी मर्जर का चैप्टर खत्म”

एनसीपी के विलय की अटकलों पर सुप्रिया सुले का स्पष्टीकरण: कहा—”भाई के जाने के बाद पार्टी मर्जर का चैप्टर खत्म”

​राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एसपी) की सांसद सुप्रिया सुले ने शनिवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के किसी भी प्रकार के विलय या एनडीए में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अजीत पवार के निधन के बाद अब एनसीपी के विलय का मुद्दा पूरी तरह समाप्त हो चुका है।

​’जब भाई ही नहीं रहे, तो विलय का सवाल ही नहीं’

प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए सुप्रिया सुले ने कहा, “मैं एक बार और हमेशा के लिए यह साफ कर देना चाहती हूं कि मेरे भाई (अजित पवार) से इस संबंध में बातचीत चल रही थी। जब तक अजीत पवार थे, गठबंधन और विलय पर चर्चा जारी थी और तारीख भी तय थी। लेकिन भाई के इस दुनिया से जाने के बाद, हमारी तरफ से इस विषय पर पूर्णविराम लग गया है।” उन्होंने यह भी साफ किया कि अजीत पवार गुट की तरफ से उन्हें पार्टी विलय को लेकर कोई कॉल, मैसेज या मेल नहीं मिला है, हालांकि प्रफुल्ल पटेल के साथ उनके पारिवारिक संबंध जरूर हैं।

​एनडीए में शामिल होने की खबरों को भी नकारा

सुप्रिया सुले ने एनडीए (NDA) में शामिल होने की संभावनाओं को भी खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि एनडीए में जाने को लेकर कोई बातचीत नहीं चल रही है। उन्होंने पुरानी राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए कहा कि वैचारिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन अरुण जेटली और सुषमा स्वराज जैसे नेताओं के साथ उनके संबंध हमेशा सौहार्दपूर्ण रहे हैं और शरद पवार ने भी देशहित के मुद्दों (जैसे पहलगाम की घटना) पर हमेशा सरकार का समर्थन किया है।

​उन्होंने अंत में दोहराया कि लोकतंत्र में सबको अपनी राय रखने का अधिकार है और राजनीति में कयास लगते रहते हैं, लेकिन अजीत दादा के जाने के बाद अब पार्टी के विलय को लेकर भविष्य में कोई चर्चा नहीं होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *