Monday, November 16, 2026
Latest:
राजनीति

अखिलेश यादव का आगरा में बड़ा सियासी ऐलान: 2027 के चुनाव का बिगुल फूंकते हुए बोले- “पीडीए ही तय करेगा भाजपा की विदाई”

अखिलेश यादव का आगरा में बड़ा सियासी ऐलान: 2027 के चुनाव का बिगुल फूंकते हुए बोले- “पीडीए ही तय करेगा भाजपा की विदाई”

​समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को आगरा में आयोजित एक दलित सम्मेलन के मंच से वर्ष 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का औपचारिक बिगुल फूंक दिया है। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोलते हुए दलितों को ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) की सबसे मजबूत ताकत बताया और दावा किया कि आगामी चुनाव में यही वर्ग भाजपा की सत्ता से विदाई सुनिश्चित करेगा।

​अंगद के पैर वाले बयान पर पलटवार

सपा प्रमुख ने अपने भाषण की शुरुआत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के ‘अंगद के पैर’ वाले बयान पर पलटवार करते हुए की। उन्होंने कहा कि “जब राजनीतिक जमीन ही नहीं बचेगी, तो पैर कहां रखोगे?” अखिलेश ने दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा की जमीन पूरी तरह खिसकने वाली है।

​”दलित अब अपनी ताकत पहचान चुका है”

सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए का दलित समाज अब अपनी असली ताकत को अच्छी तरह पहचान चुका है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “वर्ष 2027 में दलित ही भाजपा को ‘दलेगा’ और उसकी सत्ता से विदाई करेगा।” उन्होंने परोक्ष रूप से उन राजनीतिक दलों और नेताओं पर भी निशाना साधा जो भाजपा के साथ खड़े हैं, और कहा कि वे कभी भी दलित समाज के हितैषी नहीं हो सकते।

​सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि पीडीए की बढ़ती राजनीतिक ताकत से भाजपा बुरी तरह घबराई हुई है और इसे कमजोर करने के लिए लगातार षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। उन्होंने एनसीआरबी (NCRB) के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि पिछले 10 वर्षों में राज्य में दलितों के खिलाफ अत्याचार और भेदभाव की घटनाएं लगातार गंभीर हुई हैं।

​आंबेडकर प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का मुद्दा उठाया

अखिलेश यादव ने पिछले एक दशक में दलित महापुरुषों और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटनाओं को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने दावा किया कि इन 10 वर्षों में 200 से अधिक आंबेडकर प्रतिमाएं तोड़ी गईं, लेकिन मामलों में कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। समाजवादी पार्टी की ओर से इन सभी घटनाओं का विवरण जुटाकर एक विशेष पुस्तक भी प्रकाशित कराई गई है।

​उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “बाबा साहब की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाना सिर्फ एक मूर्ति पर हमला नहीं है, बल्कि यह उस संविधान पर हमला है जो बाबा साहब ने देश को दिया है। जब तक संविधान सुरक्षित रहेगा, तभी तक हमारा और आपका सम्मान सुरक्षित है।”

​”योगी वही जो 100% लोगों की बात करे”

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि बड़ी-बड़ी बातें करने या केवल हमदर्दी जताने से किसी के दर्द को नहीं समझा जा सकता। असली पीड़ा वही समझ सकता है जिसने जीवन में अपमान और भेदभाव झेला हो।

​मुख्यमंत्री के ’80-20′ वाले राजनीतिक बयान पर सवाल उठाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि जो व्यक्ति 80-20 की बात करता है, वह सभी वर्गों का हितैषी नहीं हो सकता। असली ‘योगी’ वही हो सकता है जो राज्य के 100 प्रतिशत नागरिकों के हितों की बात करे। उन्होंने दोहराया कि उनकी राजनीति का मूल आधार समाज के शोषितों, पीड़ितों, वंचितों और उपेक्षित लोगों को उनका हक और सम्मान दिलाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *