कियारा आडवाणी ने शेयर की मां के साथ खास तस्वीर, प्रेग्नेंसी के शुरुआती दिनों को किया याद
कियारा आडवाणी ने शेयर की मां के साथ खास तस्वीर, प्रेग्नेंसी के शुरुआती दिनों को किया याद
बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री कियारा आडवाणी और उनके पति सिद्धार्थ मल्होत्रा जल्द ही अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने के लिए तैयार हैं। हाल ही में कियारा अपनी मां जेनेवीव आडवाणी के साथ खास पल बिताती नजर आईं। रविवार को अभिनेत्री ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट की स्टोरी पर मां के साथ एक खूबसूरत सेल्फी साझा की, जो सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही है।
प्राकृतिक वातावरण में मां के साथ बिताया वक्त
हरे-भरे प्राकृतिक वातावरण के बीच ली गई इस तस्वीर में कियारा अपनी मां के साथ कैमरे के लिए पोज देती नजर आ रही हैं। तस्वीर में मां-बेटी की इस जोड़ी ने कैप और काले रंग के धूप के चश्मे (सनग्लासेस) पहन रखे हैं, जो उनके इस पल को और भी सहज और खुशनुमा बना रहा है।
’कॉफी विद करण’ में साझा किए प्रेग्नेंसी के शुरुआती अनुभव
इस बीच, लोकप्रिय चैट शो ‘कॉफी विद करण’ में अपनी उपस्थिति के दौरान कियारा ने अपनी गर्भावस्था के शुरुआती महीनों के संघर्षों और अनुभवों खुलकर साझा किए। उन्होंने बताया कि प्रेग्नेंसी के शुरुआती महीने उनके लिए काफी चुनौतीपूर्ण रहे थे।
कियारा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, “वे पहले तीन महीने बहुत कठिन थे। उस दौरान मतली (nausea), हार्मोनल बदलाव और कई तरह की शारीरिक व भावनात्मक चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।” उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने और सिद्धार्थ ने इस खबर को निजी रखने का फैसला किया था, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि उन्हें अपने जीवन की अन्य महिलाओं से भावनात्मक सहारे की सख्त जरूरत है।
एक्ट्रेस ने आगे कहा, “मुझे याद है कि कई बार मैं अपनी सहेलियों के साथ बैठकर रो पड़ती थी और वे बिना कुछ कहे बस मेरा साथ देती थीं। महिलाओं के साझा अनुभवों और उनके समर्थन ने उस संवेदनशील दौर में मुझे बहुत हिम्मत दी, जिसके बाद धीरे-धीरे जिंदगी और खूबसूरत लगने लगी।”
अक्टूबर में साझा की थी खुशखबरी
गौरतलब है कि कियारा और सिद्धार्थ ने पिछले साल 7 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर एक संयुक्त पोस्ट के जरिए अपने फैंस के साथ दूसरी बार माता-पिता बनने की खुशखबरी साझा की थी। उन्होंने एक बेहद प्यारी तस्वीर पोस्ट की थी, जिसमें उनकी बेटी सरायाह का नन्हा हाथ एक जोड़ी बेबी सॉक्स पकड़े हुए नजर आ रहा था। इसके कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “हमें एक बार फिर जीवन का सबसे खूबसूरत उपहार मिला है। हमारा दिल प्यार और कृतज्ञता से भरा हुआ है।”

