Sunday, November 15, 2026
Latest:
उत्तराखंड

पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में भारी हंगामा: माइक बंद होने पर भड़के कांग्रेस विधायक हरीश धामी, समर्थकों संग की तोड़फोड़

पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में भारी हंगामा: माइक बंद होने पर भड़के कांग्रेस विधायक हरीश धामी, समर्थकों संग की तोड़फोड़

​पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक जौलजीबी मेले के शुभारंभ कार्यक्रम में शनिवार को उस वक्त भारी हंगामा खड़ा हो गया, जब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जाने के बाद स्थानीय कांग्रेस विधायक हरीश धामी और उनके समर्थकों ने कार्यक्रम स्थल पर जमकर बवाल काटा। माइक का ऑडियो बंद होने से नाराज विधायक और उनके समर्थकों ने मंच और साउंड सिस्टम के पास तोड़फोड़ व धक्का-मुक्की की।

​बोलने का मौका न मिलने और माइक बंद होने से भड़के विधायक

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जौलजीबी मेले का उद्घाटन किया और जिले को 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। सीएम के कार्यक्रम से रवाना होने के बाद स्थानीय विधायक हरीश धामी मंच पर चढ़े और माइक लेकर बोलना शुरू किया। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि उनसे मेले की अध्यक्षता कराई गई, लेकिन स्थानीय विधायक होने के बावजूद उन्हें बोलने तक का अवसर दिए बिना कार्यक्रम समाप्त कर दिया गया।

​विधायक के इतना कहते ही अचानक माइक का ऑडियो बंद हो गया। इससे आगबबूला होकर हरीश धामी साउंड सिस्टम ऑपरेटरों की ओर दौड़ पड़े। आरोप है कि विधायक और उनके समर्थकों ने साउंड कर्मियों के साथ गाली-गलौच व धक्का-मुक्की की और कार्यक्रम स्थल पर जमकर तोड़फोड़ मचाई।

​सीएम को दी 2027 में चुनाव लड़ने की खुली चुनौती

हंगामे के बाद हरीश धामी दोबारा मंच पर चढ़े और करीब 10 मिनट तक प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को खुली चुनौती देते हुए कहा कि यदि 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी उन्हें मौका देती है, तो वे उसी सीट से चुनाव लड़ेंगे जहां से मुख्यमंत्री लड़ेंगे और उनकी हार सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने प्रशासन को भी सख्त लहजे में चेतावनी दी। हालांकि, भाषण के अंत में विधायक ने कार्यक्रम में हुई तोड़फोड़ और हंगामे के लिए वहां मौजूद जनता से माफी भी मांगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *