हल्द्वानी गैंगरेप मामले पर उत्तराखंड की सियासत गरमाई: कांग्रेस ने सरकार को घेरा, महिला कांग्रेस ने फूंका पुतला
हल्द्वानी गैंगरेप मामले पर उत्तराखंड की सियासत गरमाई: कांग्रेस ने सरकार को घेरा, महिला कांग्रेस ने फूंका पुतला
उत्तराखंड के हल्द्वानी में एक नाबालिग लड़की के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपी के रूप में एबीवीपी (ABVP) से जुड़े धीरज बिष्ट की गिरफ्तारी के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। इस घटना को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने राज्य सरकार और सत्ताधारी दल पर तीखा हमला बोला है।
हरक सिंह रावत ने उठाए सवाल, महिला मोर्चा की चुप्पी पर घेरा
कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और एनएसयूआई (NSUI) के पदाधिकारियों ने इस मुद्दे को जोर-शोर से उठाया। हरक सिंह रावत ने कहा कि खुद को चरित्र और छात्रों के निर्माण की बात करने वाले संगठन से जुड़े व्यक्ति द्वारा नाबालिग के साथ ऐसी घटना को अंजाम देना बेहद निंदनीय है और इससे देवभूमि आहत हुई है।
उन्होंने भाजपा महिला मोर्चा की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि तमाम मुद्दों पर मुखर रहने वाली महिला मोर्चा की अध्यक्ष अंकिता भंडारी मामले से लेकर इस घटना तक पर मौन क्यों हैं। रावत ने भाजपा नेताओं से स्पष्ट करने को कहा कि वे पीड़ितों के साथ खड़े हैं या पार्टी के साथ। उन्होंने सरकार की कार्यप्रणाली की आलोचना करते हुए चेतावनी दी कि कांग्रेस का हर कार्यकर्ता पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए पूरे प्रदेश में यह लड़ाई लड़ेगा।
महिला कांग्रेस ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला
दूसरी ओर, प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और कानून-व्यवस्था की स्थिति के विरोध में महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार का पुतला फूंका। ज्योति रौतेला ने कहा कि राज्य में बेटियों के साथ लगातार हो रही दुष्कर्म, उत्पीड़न और हत्या की घटनाओं ने उत्तराखंड को शर्मसार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिला सुरक्षा के बड़े दावे तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत में बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
क्या है पूरा मामला?
उल्लेखनीय है कि हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र के एक होटल में नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत सामने आई थी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद चारों आरोपियों—धीरज बिष्ट, नीतीश पाल, अंश खत्री और हिमांशु गौनी के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट और गैंगरेप की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

