भारत खरीदेगा युद्ध में परखी गई ‘जैवलिन’ मिसाइल? अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने किया दावा
भारत खरीदेगा युद्ध में परखी गई ‘जैवलिन’ मिसाइल? अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने किया दावा
नई दिल्ली: भारत और अमेरिका के बीच रक्षा सहयोग को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दावा किया है कि भारत अमेरिका की ‘जैवलिन एंटी-टैंक मिसाइल सिस्टम’ खरीदने की योजना बना रहा है। उनके मुताबिक, इससे दोनों देशों के रक्षा संबंध और मजबूत होंगे तथा भविष्य में संयुक्त उत्पादन की संभावनाएं भी खुल सकती हैं।
‘जैवलिन’ खरीदने की तैयारी का दावा
सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि भारत युद्ध में परखे जा चुके जैवलिन एंटी-टैंक मिसाइल सिस्टम को खरीदने की योजना बना रहा है। उन्होंने इसका संदर्भ अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ के मई 2026 में हुए शांगरी-ला डायलॉग में दिए गए बयान से जोड़ा।
अमेरिकी राजदूत के मुताबिक, यह संभावित खरीद अमेरिका-भारत रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगी। साथ ही इससे दोनों देशों के बीच को-प्रोडक्शन के नए अवसर भी पैदा हो सकते हैं।
रिकॉर्ड ऊंचाई पर रक्षा सहयोग
गोर ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग का स्तर इस समय रिकॉर्ड ऊंचाई पर है। जैवलिन सौदे की संभावित योजना को इसी बढ़ते रक्षा सहयोग के एक हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है।
गांधी स्मृति भी पहुंचे अमेरिकी राजदूत
इससे पहले सर्जियो गोर ने नई दिल्ली स्थित गांधी स्मृति का दौरा किया और महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने X पर लिखा कि गांधी स्मृति जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने सत्य, अहिंसा और शांति के गांधीजी के मूल्यों को प्रेरणादायक बताया।
इस दौरान गोर ने ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, कनाडा और न्यूजीलैंड के राजनयिक प्रतिनिधियों से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बैठक में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर उपयोगी और सार्थक बातचीत हुई।
