इमरान खान की सेहत पर बेटों का बड़ा दावा, बोले- ‘पाकिस्तान सरकार उनकी जान लेना चाहती है’
इमरान खान की सेहत पर बेटों का बड़ा दावा, बोले- ‘पाकिस्तान सरकार उनकी जान लेना चाहती है’
इस्लामाबाद: जेल में बंद पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी बीच उनके बेटों सुलेमान और कासिम ने पाकिस्तान सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दोनों ने दावा किया कि सरकार उनके पिता को लंबे समय तक जेल में रखकर उनकी आवाज दबाना चाहती है और उनकी जान को खतरा है।
स्काई स्पोर्ट्स के इंटरव्यू में लगाए गंभीर आरोप
इमरान खान के बेटों ने यह आरोप स्काई स्पोर्ट्स को दिए एक इंटरव्यू में लगाए। यह इंटरव्यू इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेट कप्तान माइक एथर्टन ने लिया था। इससे पहले एथर्टन समेत कई पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान सरकार से इमरान खान को जरूरी मेडिकल सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की थी।
कासिम ने दावा किया कि इमरान खान को जेल में बेहद खराब परिस्थितियों में रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि उनके पिता को लंबे समय तक अलग-थलग रखा जाता है और मौजूदा स्थिति पहले से भी ज्यादा गंभीर है।
सुलेमान ने मेडिकल जांच पर उठाए सवाल
इमरान खान के दूसरे बेटे सुलेमान ने उनके स्वास्थ्य की स्वतंत्र जांच नहीं कराए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि परिवार चाहता है कि किसी निष्पक्ष और स्वतंत्र डॉक्टर से इमरान खान की जांच कराई जाए।
सुलेमान ने दावा किया कि इमरान खान को अस्पताल ले जाया गया था और बाद में वापस जेल भेज दिया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्होंने अपने पिता को देखा तो उनकी आंख पर पट्टी बंधी हुई थी और वह तनाव में नजर आ रहे थे।
2022 के बाद आमने-सामने नहीं मिले बेटे
सुलेमान और कासिम ने बताया कि उन्होंने 2022 के बाद अपने पिता को व्यक्तिगत रूप से नहीं देखा है। दोनों के मुताबिक, इस साल मार्च में उनकी इमरान खान से फोन पर आखिरी बातचीत हुई थी। उन्होंने अपने पिता से मिलने की इच्छा जताई, लेकिन दावा किया कि उन्हें पाकिस्तान आने के लिए वीजा नहीं दिया गया।
क्रिकेटरों ने भी उठाई इमरान की सेहत की चिंता
इमरान खान की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर हाल ही में कई पूर्व क्रिकेटरों ने पाकिस्तान सरकार को पत्र लिखकर उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की अपील की थी। माइक एथर्टन भी इस अपील में शामिल थे।
इमरान खान के बेटों का इंटरव्यू ऐसे समय प्रसारित हुआ जब लॉर्ड्स में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच टेस्ट मैच खेला जा रहा था। रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरव्यू को लेकर पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने प्रसारणकर्ता के सामने शिकायत भी दर्ज कराई थी।
