मनोरंजन

ऋतिक रोशन के बेटे ऋहान रोशन ने म्यूजिक की दुनिया में रखा कदम, 18 की उम्र में किया डेब्यू

ऋतिक रोशन के बेटे ऋहान रोशन ने म्यूजिक की दुनिया में रखा कदम, 18 की उम्र में किया डेब्यू

मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन के 18 वर्षीय बेटे ऋहान रोशन ने बतौर इंडिपेंडेंट आर्टिस्ट म्यूजिक इंडस्ट्री में अपना डेब्यू कर लिया है। उनका पहला गाना ‘दिस हेवनली प्लेस’ शुक्रवार, 28 अगस्त 2026 को रिलीज हुआ। इस गाने में ऋहान ने सिंगर, सॉन्गराइटर और गिटारिस्ट की भूमिका निभाई है।

गाने के रिलीज के बाद ऋहान को उनके परिवार और दोस्तों से खूब सपोर्ट मिल रहा है। फिल्ममेकर और उनके दादा राकेश रोशन ने भी ऋहान की तारीफ करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।

ब्लैक एंड व्हाइट वीडियो में दिखा ऋहान का म्यूजिकल अंदाज

गाने के म्यूजिक वीडियो में ऋहान रोशन ब्लैक एंड व्हाइट अकूस्टिक सेटअप में गाना गाते और गिटार बजाते नजर आ रहे हैं। उनका यह डेब्यू उनके म्यूजिकल करियर की नई शुरुआत माना जा रहा है।

ऋतिक रोशन ने भी अपने बेटे के गाने का वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर कर उन्हें सपोर्ट किया। उन्होंने अपने बेटे के लिए प्यार और भरोसा जताते हुए लिखा कि ऋहान बचपन से ही समझदार रहे हैं और उन्हें अपने बेटे पर पूरा भरोसा है।

सुजैन खान और सबा आजाद ने भी दी बधाई

ऋहान की मां सुजैन खान ने भी बेटे के म्यूजिक डेब्यू पर खुशी जाहिर की। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने बेटे के लिए प्यार और भावनाएं व्यक्त कीं।

वहीं ऋतिक रोशन की गर्लफ्रेंड और एक्टर-सिंगर सबा आजाद ने भी ऋहान को गाने की रिलीज पर बधाई देते हुए उनकी तारीफ की। ऋहान के दादा राकेश रोशन ने भी सोशल मीडिया पर उनका उत्साह बढ़ाया।

संगीत से पुराना है रोशन परिवार का रिश्ता

ऋहान का म्यूजिक की दुनिया में कदम रखना रोशन परिवार की पुरानी संगीत विरासत को आगे बढ़ाता है। उनके परदादा रोशन लाल नागरथ मशहूर संगीत निर्देशक और एसराज वादक थे। इसके बाद परिवार की संगीत विरासत को उनके बेटे और संगीतकार राजेश रोशन ने आगे बढ़ाया।

राजेश रोशन ने ‘कुंवारा बाप’ और ‘जूली’ समेत कई फिल्मों में संगीत दिया और हिंदी सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई।

‘कृष 4’ में नजर आएंगे ऋतिक रोशन

वर्कफ्रंट की बात करें तो ऋतिक रोशन अपनी सुपरहीरो फ्रेंचाइजी ‘कृष 4’ को लेकर भी चर्चा में हैं। इस फ्रेंचाइजी की पिछली तीन फिल्मों का निर्देशन राकेश रोशन ने किया है। ऋतिक को हाल ही में ‘वॉर 2’ में देखा गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *