आरक्षण सुधार की मांग को लेकर आंदोलन के बाद छात्रों से सरकार की बातचीत शुरू, जेपी नड्डा ने की मुलाकात
आरक्षण सुधार की मांग को लेकर आंदोलन के बाद छात्रों से सरकार की बातचीत शुरू, जेपी नड्डा ने की मुलाकात
नई दिल्ली। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आरक्षण सुधार की मांग को लेकर हुए आंदोलन के बाद अब प्रदर्शनकारी छात्रों और केंद्र सरकार के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आंदोलन से जुड़े प्रतिनिधियों से मुलाकात की और कहा कि यह संवाद आगे भी जारी रहेगा।
आंदोलन के बाद हुई सौहार्दपूर्ण वार्ता
जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि 21 अगस्त को जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के बाद तय कार्यक्रम के तहत हर्ष दुबे, रण बहादुर सिंह चौहान और मृत्युंजय पाठक के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई।
उन्होंने कहा कि छात्रों की ओर से उठाए गए मुद्दों पर संवाद जारी रहेगा और जल्द ही प्रतिनिधियों के साथ दोबारा बैठक की जाएगी।
क्या है प्रदर्शनकारियों की मांग?
जंतर-मंतर पर जुटे प्रदर्शनकारी जाति आधारित आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाया जाना चाहिए। इसी मांग को लेकर बड़ी संख्या में छात्र और अन्य लोग दिल्ली में जुटे थे।
ब्रजेश पाठक से भी हुई थी मुलाकात
जेपी नड्डा से मुलाकात से पहले आंदोलन से जुड़े छात्र प्रतिनिधियों ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से भी मुलाकात की थी।
ब्रजेश पाठक ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया था कि उनकी मांगों को गंभीरता से सुना गया है। उन्होंने कहा था कि छात्रों की ओर से सौंपा गया पत्र बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए संवाद का रास्ता अपनाया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने बढ़ाई थी सुरक्षा
जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के लिए दिल्ली पुलिस की अनुमति नहीं होने के बावजूद बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया था और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।
अब आंदोलन के बाद सरकार और प्रदर्शनकारी प्रतिनिधियों के बीच बातचीत शुरू होने से आरक्षण सुधार की मांग पर आगे की रणनीति और संभावित समाधान को लेकर उम्मीदें बढ़ी हैं।
