खेल

भारत के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर जबरदस्त क्रेज, 48 घंटे में बिके 26 हजार टिकट

भारत के न्यूजीलैंड दौरे को लेकर जबरदस्त क्रेज, 48 घंटे में बिके 26 हजार टिकट

भारत के आगामी न्यूजीलैंड दौरे को लेकर फैंस में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुताबिक, क्रिकेट नेशन मेंबर्स की प्री-सेल शुरू होने के पहले 48 घंटे में ही 26 हजार टिकट बिक गए। भारत और न्यूजीलैंड के बीच अक्टूबर से मल्टी-फॉर्मेट सीरीज खेली जाएगी।

ईडन पार्क और हेगले ओवल में सबसे ज्यादा मांग

ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले व्हाइट-बॉल मुकाबले शुरुआती बिक्री में सबसे बड़े आकर्षण रहे। वहीं क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में भी टिकटों की मांग काफी ज्यादा है। यहां 22 और 24 अक्टूबर को शुरुआती दो टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। इसी मैदान पर 27 नवंबर से 1 दिसंबर तक दौरे का दूसरा टेस्ट भी होगा।

वेलिंगटन में तीसरा टी20 और दूसरा वनडे खेला जाएगा, जबकि पहला टेस्ट 19 नवंबर से बेसिन रिजर्व में शुरू होगा।

टिकटों की कीमतें पिछले सीजन जैसी

न्यूजीलैंड क्रिकेट के चीफ मार्केटिंग और कमर्शियल ऑफिसर ग्लेन क्रिचली ने कहा कि टिकटों की शुरुआती बिक्री भारत दौरे को लेकर फैंस के उत्साह को दिखाती है। उन्होंने बताया कि टिकटों की कीमतें पिछले सीजन के स्तर पर ही रखी गई हैं और क्रिकेट नेशन एक्सेस कोड के जरिए टिकट 30 डॉलर से कम में भी उपलब्ध है।

जनरल पब्लिक के लिए टिकट बिक्री 7 सितंबर से शुरू होगी। वहीं क्रिकेट नेशन में साइन अप करने वाले फैंस प्री-सेल के साथ 15 प्रतिशत तक की छूट का लाभ उठा सकते हैं।

भारत खेलेगा 12 मुकाबले

भारतीय टीम 22 अक्टूबर से 1 दिसंबर 2026 तक न्यूजीलैंड दौरे पर रहेगी। इस दौरान दोनों टीमों के बीच 5 टी20, 5 वनडे और 2 टेस्ट मैच खेले जाएंगे। भारत के दौरे ने न्यूजीलैंड में क्रिकेट फैंस के बीच अभी से खासा उत्साह पैदा कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *