UAE के क्रिकेटर आसिफ खान पर 15 महीने का बैन, डोपिंग मामले में पाए गए दोषी
UAE के क्रिकेटर आसिफ खान पर 15 महीने का बैन, डोपिंग मामले में पाए गए दोषी
क्रिकेट में डोपिंग का एक और मामला सामने आया है। UAE के अनुभवी बल्लेबाज आसिफ खान को प्रतिबंधित पदार्थ के सेवन का दोषी पाए जाने के बाद 15 महीने के लिए क्रिकेट से निलंबित कर दिया गया है। आसिफ ने ICC एंटी-डोपिंग कोड के उल्लंघन को स्वीकार करते हुए WADA और ICC के साथ हुए केस रिजॉल्यूशन एग्रीमेंट के तहत सजा मान ली है।
7 दिसंबर 2026 तक जारी रहेगा प्रतिबंध
36 वर्षीय आसिफ खान के सैंपल में मेस्टेरोलोन के मेटाबोलाइट की पुष्टि हुई थी। उनका आउट-ऑफ-कॉम्पिटिशन टेस्ट 8 सितंबर 2025 को हुआ था। इसके बाद उन्होंने ICC एंटी-डोपिंग कोड के अनुच्छेद 2.1 के उल्लंघन को स्वीकार किया।
उनका 15 महीने का प्रतिबंध 8 सितंबर 2025 से प्रभावी माना गया है और 7 दिसंबर 2026 तक चलेगा। हालांकि, 8 अक्टूबर 2026 से वह टीम के साथ ट्रेनिंग कर सकेंगे। प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में उनकी वापसी 8 दिसंबर 2026 से ही हो पाएगी।
पुराने नतीजे भी किए गए रद्द
ICC के फैसले के मुताबिक, 8 सितंबर से 29 दिसंबर 2025 के बीच आसिफ के व्यक्तिगत नतीजे भी रद्द कर दिए गए हैं। इस अवधि में मिले मेडल, अंक, पुरस्कार राशि या अन्य पुरस्कारों पर उनका दावा नहीं रहेगा। केस रिजॉल्यूशन एग्रीमेंट के तहत इस फैसले के खिलाफ अपील का अधिकार भी नहीं होगा।
आसिफ खान ने 2022 में UAE के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। वह अब तक 38 वनडे और 56 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेल चुके हैं। उनके निलंबन से UAE की टीम को बड़ा झटका लगा है और अब टीम को दिसंबर 2026 तक उनके बिना अपनी योजनाएं तैयार करनी होंगी।
