राष्ट्रीय

CJP का 5 सितंबर को दिल्ली में मार्च का ऐलान, इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक निकलेगा जुलूस

CJP का 5 सितंबर को दिल्ली में मार्च का ऐलान, इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक निकलेगा जुलूस

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने केंद्र सरकार पर वादे पूरे करने में देरी का आरोप लगाते हुए एक बार फिर दिल्ली में आंदोलन का ऐलान किया है। पार्टी के मुताबिक, 5 सितंबर को इंडिया गेट से दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला जाएगा।

CJP ने कहा कि मार्च का नेतृत्व NEET परीक्षा से जुड़े मामलों में जान गंवाने वाले छात्रों के परिवार और पुलिस कार्रवाई से प्रभावित लोगों के परिजन करेंगे।

‘सरकार वादे पूरे करने में कर रही देरी’

CJP ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने 25 जुलाई को युवाओं से किए गए वादों को अब तक पूरी तरह लागू नहीं किया है। इनमें छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज FIR वापस लेने से जुड़े वादे भी शामिल हैं।

पार्टी का कहना है कि सरकार लगातार देरी और टालमटोल कर रही है। इसके चलते CJP की राष्ट्रीय कार्यसमिति ने दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन शुरू करने का फैसला लिया है।

इंडिया गेट से पुलिस मुख्यालय तक मार्च

पार्टी के अनुसार, 5 सितंबर को प्रस्तावित मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर दिल्ली पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। CJP ने इसे शांतिपूर्ण युवा मार्च बताया है और कहा कि सरकार को अपने वादों का सम्मान करना चाहिए।

पार्टी ने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार को प्रदर्शनकारियों के धैर्य को उनकी कमजोरी नहीं समझना चाहिए।

‘लिखित आश्वासन नहीं मिला’

CJP ने आरोप लगाया कि पिछले एक महीने में सरकार ने अपने वादों को लागू करने के बजाय देरी की रणनीति अपनाई और तकनीकी कारणों का हवाला दिया।

पार्टी ने यह भी दावा किया कि सुप्रीम कोर्ट में संबंधित मामलों को लेकर सरकार की ओर से स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं दिखाई गई है। CJP के मुताबिक, उसे सरकार की ओर से अब तक कोई लिखित आश्वासन भी नहीं मिला है।

छात्रों और युवा संगठनों से शामिल होने की अपील

CJP ने देशभर के छात्रों, युवा संगठनों और नागरिकों से 5 सितंबर के मार्च में शामिल होने की अपील की है। पार्टी ने कहा कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहेगा और उसका मुख्य उद्देश्य सरकार से किए गए वादों को लागू करने की मांग करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *