उत्तराखंड

SIR को लेकर उत्तराखंड में सियासी घमासान, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

SIR को लेकर उत्तराखंड में सियासी घमासान, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने

देहरादून: उत्तराखंड में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ खड़े होने का आरोप लगाया है, वहीं कांग्रेस ने पलटवार करते हुए भाजपा पर समाज को बांटकर राजनीति करने का आरोप लगाया।

नरेश बंसल का कांग्रेस पर हमला

भाजपा के राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी का मौजूदा नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विरोध करते-करते राष्ट्र विरोध की राजनीति पर उतर आया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश विरोधी और अंतरराष्ट्रीय ताकतों के साथ खड़ी दिखाई दे रही है।

बंसल ने प्रधानमंत्री के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान का जिक्र करते हुए कहा कि देश में माओवादी और नक्सलवाद के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है, लेकिन अब वैचारिक स्तर पर देश को कमजोर करने वाली ताकतों से भी मुकाबला करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के बयान पर कांग्रेस नेताओं की प्रतिक्रियाओं से उनकी मानसिकता स्पष्ट होती है।

SIR को लेकर भाजपा ने बताई प्रक्रिया की जरूरत

नरेश बंसल ने कहा कि SIR किसी एक वर्ग या राजनीतिक दल के हित में नहीं, बल्कि मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सरकार का गठन मतदाताओं के माध्यम से होता है। इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि पात्र मतदाता का नाम सूची से बाहर न हो और अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न रहे।

भाजपा सांसद के मुताबिक, SIR देश में पहली बार नहीं हो रहा है और इसका उद्देश्य विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार करना है, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत हो।

उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी राजनीतिक और वर्ग विशेष के हितों को ध्यान में रखकर कभी SIR तो कभी ‘वंदे मातरम्’ जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर आपत्ति जताती है।

कांग्रेस ने किया पलटवार

वहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. प्रतिमा सिंह ने भाजपा के आरोपों पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा लंबे समय से समाज को बांटकर राजनीतिक लाभ लेने की राजनीति करती आई है।

प्रतिमा सिंह ने कहा कि कांग्रेस किसी ऐसे व्यक्ति के साथ खड़ी नहीं है जो देश या प्रदेश में अवैध रूप से रह रहा हो। हालांकि, पार्टी उन सभी लोगों के अधिकारों के साथ खड़ी है, जिनका मताधिकार प्रभावित हो रहा है।

‘साढ़े नौ साल से सत्ता में भाजपा क्या कर रही थी?’

कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा से सवाल किया कि यदि आज भी देश और प्रदेश में घुसपैठियों की मौजूदगी है तो साढ़े नौ साल से सत्ता में रहने के दौरान भाजपा ने क्या कार्रवाई की?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस का सरोकार प्रदेश की जनता से है और पार्टी देश, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए अपनी भूमिका निभाती रहेगी।

SIR पर बढ़ सकता है राजनीतिक विवाद

SIR को लेकर दोनों प्रमुख दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप से साफ है कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की यह प्रक्रिया अब राजनीतिक बहस का भी बड़ा मुद्दा बन गई है। आने वाले दिनों में प्रक्रिया, मताधिकार और पात्र-अपात्र मतदाताओं को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच टकराव और तेज होने के संकेत हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *