राजनीति

PM मोदी ने BJP की नई टीम के साथ की 5 घंटे बैठक, संगठन को मजबूत करने का दिया मंत्र

PM मोदी ने BJP की नई टीम के साथ की 5 घंटे बैठक, संगठन को मजबूत करने का दिया मंत्र

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सभी सदस्यों से मुलाकात की। पीएम मोदी भाजपा मुख्यालय पहुंचे, जहां नई टीम के पदाधिकारियों के साथ उनका करीब 5 घंटे तक संवाद चला। इस दौरान प्रधानमंत्री ने राष्ट्रीय टीम में शामिल नेताओं से व्यक्तिगत बातचीत कर उनके अनुभव, राजनीतिक सफर और काम करने के तरीके के बारे में जानकारी ली।

पदाधिकारियों से व्यक्तिगत बातचीत

बैठक के दौरान पीएम मोदी ने नई राष्ट्रीय टीम के प्रत्येक पदाधिकारी से अलग-अलग बातचीत की। सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सभी के अनुभवों को धैर्यपूर्वक सुना और संगठन को आगे बढ़ाने को लेकर अपने अनुभव भी साझा किए।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने हाल ही में 65 सदस्यों वाली नई टीम का ऐलान किया था। शनिवार को नई टीम की यह पहली बैठक थी। बैठक की शुरुआत नितिन नवीन और संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने की। इस दौरान सभी पदाधिकारियों का आपस में परिचय भी कराया गया।

संगठन में समन्वय और जमीनी काम पर जोर

सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने बैठक में संगठन महामंत्री के रूप में अपने पुराने अनुभवों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि संगठन को किस तरह मजबूत किया जा सकता है और कार्यकर्ताओं को साथ लेकर आगे कैसे बढ़ा जा सकता है।

प्रधानमंत्री ने नई टीम को मिलकर काम करने, साझा जिम्मेदारी निभाने और मजबूत समन्वय बनाए रखने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि यह समन्वय संगठन के हर स्तर पर दिखाई देना चाहिए।

पीएम मोदी ने नेताओं से कहा कि पार्टी की रणनीति और हर प्रयास का उद्देश्य जमीनी स्तर पर काम को मजबूत करना और ज्यादा से ज्यादा लोगों को संगठन से जोड़ना होना चाहिए।

‘ऐसी बैठकें लगातार होती रहनी चाहिए’

पीएम मोदी ने इस तरह की बैठकों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ऐसी बैठकें नियमित रूप से होती रहनी चाहिए। इससे नेताओं के बीच संवाद बेहतर होता है और नए विचारों के साथ नए दृष्टिकोण भी विकसित होते हैं।

नई टीम में कई बड़े नाम शामिल

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में कई अनुभवी नेताओं को जगह दी गई है। इनमें वसुंधरा राजे, राम माधव, सुनील बंसल, पीयूष गोयल और स्मृति ईरानी समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश के नेता हरीश द्विवेदी को भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है। नई टीम के गठन के बाद शनिवार की बैठक को संगठन के स्तर पर महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैठक में वंदे मातरम् को लेकर भी प्रस्ताव पारित किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *