तेजा सज्जा के बर्थडे पर बड़ा ऐलान, लौट रहा है ‘जॉम्बी रेड्डी’ का सीक्वल; 7 भाषाओं में होगी रिलीज
तेजा सज्जा के बर्थडे पर बड़ा ऐलान, लौट रहा है ‘जॉम्बी रेड्डी’ का सीक्वल; 7 भाषाओं में होगी रिलीज
सुपरस्टार तेजा सज्जा के जन्मदिन के खास मौके पर ‘जॉम्बी रेड्डी’ फ्रेंचाइजी के अगले चैप्टर का आधिकारिक ऐलान कर दिया गया है। पीपल मीडिया फैक्ट्री ने फिल्म का नाम ‘जॉम्बी रेड्डी नेक्स्ट लेवल’ रखा है। मेकर्स के मुताबिक, इस बार फिल्म का स्केल, एक्शन और जॉम्बी मेहेम पहले से कहीं ज्यादा बड़ा होने वाला है।
अनाउंसमेंट के साथ जारी की गई झलक में तेजा सज्जा हजारों जॉम्बीज की भीड़ के सामने अकेले खड़े नजर आते हैं। यह सीक्वल किस स्तर पर तैयार किया जा रहा है, इसका अंदाजा इसी दृश्य से लगाया जा सकता है।
उपेंद्र और शनाया कपूर की भी एंट्री
‘जॉम्बी रेड्डी नेक्स्ट लेवल’ में तेजा सज्जा के साथ उपेंद्र भी अहम भूमिका में दिखाई देंगे। वहीं शनाया कपूर इस फिल्म के जरिए साउथ इंडियन सिनेमा में डेब्यू करने जा रही हैं।
फिल्म का निर्देशन सुपर्ण एस. वर्मा करेंगे। फिल्म की कहानी और फ्रेंचाइजी की मूल कल्पना प्रशांत वर्मा से जुड़ी है। स्क्रीनप्ले हुसैन दलाल, प्रशांत वर्मा और सुपर्ण एस. वर्मा ने मिलकर लिखा है।
म्यूजिक से बढ़ेगा जॉम्बी वर्ल्ड का रोमांच
फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी गौरा हरी संभाल रहे हैं। वह इससे पहले ‘हनुमान’ और ‘मिराई’ जैसी फिल्मों के संगीत से दर्शकों का ध्यान खींच चुके हैं।
फिल्म का निर्माण टीजी विश्व प्रसाद और कृति प्रसाद बड़े पैमाने पर कर रहे हैं। मेकर्स इसे एक हाई-ऑक्टेन जॉम्बी एक्शन-कॉमेडी के रूप में पेश करने की तैयारी में हैं।
7 भाषाओं में होगी ग्लोबल रिलीज
‘जॉम्बी रेड्डी नेक्स्ट लेवल’ को सिर्फ भारतीय बाजार तक सीमित नहीं रखा जाएगा। फिल्म को हिंदी, तेलुगु, कन्नड़, तमिल, मलयालम, नेपाली और जापानी भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज करने की योजना है।
तेजा सज्जा ने बताया खास गिफ्ट
अपने जन्मदिन पर फ्रेंचाइजी में वापसी को तेजा सज्जा ने खास बताया। उन्होंने कहा कि पहली फिल्म को दर्शकों से मिले प्यार ने टीम को इस दुनिया को और बड़े स्तर पर आगे ले जाने का आत्मविश्वास दिया। उनके मुताबिक, सीक्वल में स्केल, एक्शन और दुनिया पहले से कहीं ज्यादा महत्वाकांक्षी होगी।
निर्देशक सुपर्ण एस. वर्मा ने भी कहा कि वह इस प्रोजेक्ट के जरिए कुछ ऐसा बनाने की कोशिश कर रहे हैं, जो पहले की तुलना में बिल्कुल अलग और बड़े सिनेमाई अनुभव के रूप में सामने आए।
मेकर्स के अनुसार, ‘जॉम्बी रेड्डी नेक्स्ट लेवल’ 2027 में दर्शकों के सामने लाने की तैयारी है। अब देखना होगा कि तेजा सज्जा की यह जॉम्बी फ्रेंचाइजी अपने नए और बड़े अवतार में दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाती है।
