पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’, देशभर में चलेगा महीनेभर का कार्यक्रम
पीएम मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर BJP का ‘सेवा संकल्प अभियान’, देशभर में चलेगा महीनेभर का कार्यक्रम
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) देशभर में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की तैयारी कर रही है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की रूपरेखा साझा की।
7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई सार्वजनिक जीवन की यात्रा
भाजपा के मुताबिक, नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को पहली बार सार्वजनिक पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इस तरह 2026 में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं।
हर वर्ष प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर के आसपास भाजपा ‘सेवा पखवाड़ा’ आयोजित करती है। इस बार 25 वर्ष की यात्रा को ध्यान में रखते हुए इसका दायरा बढ़ाकर महीनेभर के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में आयोजित किया जाएगा।
पार्टी ने अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए संगठनात्मक तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। राष्ट्रीय स्तर की कार्यशाला के बाद 31 अगस्त तक राज्यों और उसके अगले 5 से 7 दिनों में जिला स्तर पर बैठकें पूरी करने की योजना है।
‘सेवा सेतु’ के जरिए सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर जोर
अभियान का प्रमुख हिस्सा ‘सेवा सेतु अभियान’ होगा। इसके तहत 15 दिनों तक ब्लॉक स्तर पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।
इन शिविरों में संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहेंगे। पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए दस्तावेज और आवेदन प्रक्रिया में मदद की जाएगी। उदाहरण के तौर पर आयुष्मान भारत कार्ड या पीएम-किसान सम्मान निधि से छूटे पात्र लोगों को पंजीकरण कराने में सहायता दी जाएगी।
आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का होगा सम्मान
भाजपा ‘आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद’ कार्यक्रम भी आयोजित करेगी। इसके तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने के साथ माताओं से पोषण और बच्चों की देखभाल से जुड़े विषयों पर संवाद किया जाएगा।
पार्टी का कहना है कि देशभर के 14 लाख से अधिक आंगनवाड़ी केंद्रों तक इस पहल को पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
युवाओं के लिए इनोवेशन चैलेंज
अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर इनोवेशन चैलेंज आयोजित किए जाएंगे। इसमें युवा और शोधकर्ता स्थानीय समस्याओं के तकनीकी और व्यावहारिक समाधान पेश कर सकेंगे।
इसके अलावा ‘सेवा में मेरा योगदान’ पहल के तहत युवाओं को सफाई, वृक्षारोपण और टीबी उन्मूलन जैसी सेवा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। प्रतिभागी इन गतिविधियों के छोटे वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर सकेंगे।
भाजपा के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक जीवन को सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हुए देशभर में विभिन्न गतिविधियां आयोजित करना है।
