उत्तराखंड

सीएम धामी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- ‘कुंठा और हताशा लगातार बढ़ रही है’

सीएम धामी ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, बोले- ‘कुंठा और हताशा लगातार बढ़ रही है’

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार के सप्तसरोवर मार्ग स्थित बंदी छोड़ श्री ब्रह्मनिवास आश्रम में आयोजित 51वें निर्वाण दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने ब्रह्मलीन भूरि वाले महाराज को श्रद्धांजलि अर्पित की और संत समाज तथा धार्मिक संस्थाओं के योगदान को याद किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे पवित्र स्थानों पर वही व्यक्ति पहुंचता है, जिस पर सद्गुरु की कृपा होती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक संस्थाओं और संत समाज ने हमेशा धर्म, संस्कृति और राष्ट्र की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। सद्गुरुओं ने अपना जीवन समर्पित कर राष्ट्रहित और समाजसेवा का मार्ग दिखाया है।

बंगाल में घुसपैठ के मुद्दे पर सरकार पर निशाना

पश्चिम बंगाल में घुसपैठ रोकने के लिए उठाए जा रहे कदमों से जुड़े सवाल पर सीएम धामी ने कहा कि देश की जनता इसी तरह की नीतियों के कारण भाजपा की डबल इंजन सरकार को चुन रही है। उन्होंने दावा किया कि जहां भी चुनाव हो रहे हैं, वहां तुष्टिकरण की राजनीति करने वाली सरकारों को जनता नकार रही है।

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में लंबे समय से रुकी योजनाएं अब धरातल पर आ रही हैं और विकास कार्यों में तुष्टिकरण को आधार नहीं बनाया जा रहा है।

राहुल गांधी पर तीखा हमला

संसद में विपक्ष के हंगामे को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की “कुंठा और हताशा लगातार बढ़ती जा रही है।”

धामी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के भीतर सामंतवादी सोच है और वह इससे बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी की सोच है कि देश और संसद उनके हिसाब से चलनी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने लंबे समय तक देश की सत्ता पर अपना अधिकार समझा, आज उनके हिसाब से चीजें नहीं हो रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए कहा कि साधारण परिवार से आने वाले प्रधानमंत्री देश को बेहतर तरीके से चला रहे हैं और सभी वर्गों के लिए काम हो रहा है।

झारखंड आंदोलन को लेकर भी साधा निशाना

झारखंड में चल रहे आंदोलन में राहुल गांधी की भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर धामी ने कहा कि उन्हें ऐसे मौकों पर वहां नहीं जाना चाहिए था। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अलग-अलग जगहों पर छात्रों को इकट्ठा कर रहे हैं।

नकल कानून को लेकर राहुल गांधी के बयान पर पलटवार

मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में नकल माफिया को लेकर राहुल गांधी के कथित बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने उत्तराखंड आकर गलत तथ्य पेश किए कि राज्य में नकल माफिया के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।

धामी ने दावा किया कि उत्तराखंड में सख्त नकल कानून लागू किया गया है और 100 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में हजारों युवाओं को सरकारी नौकरियां भी मिली हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले लंबे समय तक देश पर शासन करने वालों के कार्यकाल में रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिले, जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *