कनाडा के नानकसर गुरुद्वारे में चाकू से हमला, दो घायल; पीएम मार्क कार्नी ने की निंदा
कनाडा के नानकसर गुरुद्वारे में चाकू से हमला, दो घायल; पीएम मार्क कार्नी ने की निंदा
एडमोंटन। कनाडा के अल्बर्टा प्रांत के एडमोंटन स्थित नानकसर गुरुद्वारे में शनिवार सुबह चाकू से हमला किए जाने की घटना सामने आई। हमले में दो लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
यह घटना उस समय हुई, जब गुरुद्वारे में शादी समारोह से पहले सुबह की प्रार्थना चल रही थी। पुलिस के अनुसार, हमला सुबह करीब पांच बजे के बाद 14 स्ट्रीट और हॉर्स हिल रोड के पास स्थित नानकसर गुरुसिख मंदिर में हुआ।
पीएम मार्क कार्नी ने जताया दुख
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए घायलों और सिख समुदाय के प्रति एकजुटता जताई। उन्होंने हमले को बेहद दुखद और चौंकाने वाला बताया।
कार्नी ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को अपने धार्मिक स्थल पर असुरक्षित महसूस नहीं करना चाहिए। उन्होंने घटना पर त्वरित कार्रवाई के लिए एडमोंटन पुलिस सेवा की भी सराहना की।
विपक्ष के नेता ने भी की निंदा
कनाडा के विपक्षी नेता पियरे पोइलिवरे ने भी गुरुद्वारे में हुए हमले को भयावह बताया। उन्होंने कहा कि हमले के जिम्मेदार व्यक्ति को कानून के तहत पूरी तरह जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
पोइलिवरे ने अधिकारियों से हिंसा के पीछे की वजहों का पता लगाने और यह सुनिश्चित करने की अपील की कि कनाडा में हर व्यक्ति सुरक्षित माहौल में अपने धर्म का पालन कर सके। उन्होंने घायल लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए एडमोंटन के सिख समुदाय के साथ समर्थन जताया।
पुलिस ने एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार
एडमोंटन पुलिस सेवा के मुताबिक, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आपातकालीन सेवाओं ने दोनों घायलों का इलाज किया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजहों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
