मनोरंजन

चिरंजीवी के जन्मदिन पर अन्ना कोनिडेला ने दी खास बधाई, बोलीं- ‘समझदारी, प्यार और जिम्मेदारी के प्रतीक हैं’

चिरंजीवी के जन्मदिन पर अन्ना कोनिडेला ने दी खास बधाई, बोलीं- ‘समझदारी, प्यार और जिम्मेदारी के प्रतीक हैं’

मुंबई। साउथ सिनेमा के मेगास्टार चिरंजीवी कोनिडेला शनिवार को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनके छोटे भाई पवन कल्याण की पत्नी अन्ना कोनिडेला ने सोशल मीडिया पर एक खास तस्वीर शेयर कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने चिरंजीवी को परिवार के लिए प्रेरणा, सलाह और भरोसे का स्रोत बताया।

अन्ना कोनिडेला ने चिरंजीवी को बताया प्रेरणा का स्रोत

अन्ना कोनिडेला ने इंस्टाग्राम पर चिरंजीवी और पवन कल्याण के साथ अपनी तस्वीर साझा की। उन्होंने लिखा कि चिरंजीवी परिवार में ऐसे व्यक्ति हैं, जिनसे सभी सलाह लेते हैं और अपनी चिंताएं साझा करते हैं।

उन्होंने चिरंजीवी को “समझदारी, देखभाल, प्यार और जिम्मेदारी का प्रतीक” बताते हुए जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

पवन कल्याण के बड़े भाई हैं चिरंजीवी

चिरंजीवी और पवन कल्याण तेलुगु सिनेमा के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय रहे हैं। दोनों के बीच गहरा पारिवारिक रिश्ता है। चिरंजीवी के एक और भाई नागेंद्र बाबू हैं।

पवन कल्याण अपने बड़े भाई चिरंजीवी का बेहद सम्मान करते हैं। वहीं अभिनेता राम चरण, चिरंजीवी के बेटे और पवन कल्याण के भतीजे हैं।

चार दशक से ज्यादा लंबा शानदार फिल्मी करियर

चिरंजीवी को तेलुगु सिनेमा का ‘मेगास्टार’ कहा जाता है। चार दशक से अधिक लंबे करियर में उन्होंने अभिनय के साथ-साथ अपने डांस से भी दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है।

चिरंजीवी ने 1978 में फिल्म ‘प्राणाम खारीदु’ से अभिनय की शुरुआत की थी। शुरुआती दौर में उन्होंने सहायक और नकारात्मक भूमिकाएं भी निभाईं। इसके बाद ‘मना पूरी पंडावुलू’ से उन्हें व्यापक पहचान मिली।

1983 में रिलीज हुई ‘कैदी’ उनके करियर का बड़ा टर्निंग पॉइंट साबित हुई। फिल्म की सफलता के बाद वह तेलुगु सिनेमा के बड़े सितारों में शामिल हो गए। इसके बाद उन्होंने ‘गैंग लीडर’, ‘घरणा मोगुडू’, ‘चैलेंज’, ‘कोंडवीटी डोंगा’ और ‘इन्द्र’ जैसी कई सफल फिल्मों में काम किया।

पद्म विभूषण से सम्मानित हो चुके हैं चिरंजीवी

भारतीय सिनेमा में उनके योगदान के लिए चिरंजीवी को 2024 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। बिना किसी फिल्मी पृष्ठभूमि के अभिनय की दुनिया में कदम रखने वाले चिरंजीवी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर भारतीय सिनेमा में अलग मुकाम हासिल किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *