राष्ट्रीय

जंतर-मंतर पर जाति आधारित आरक्षण के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

जंतर-मंतर पर जाति आधारित आरक्षण के विरोध में प्रदर्शन, पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया

नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुक्रवार को जाति आधारित आरक्षण के विरोध में बड़ी संख्या में लोग जुटे। प्रदर्शनकारियों ने आरक्षण का आधार जाति के बजाय आर्थिक स्थिति को बनाने की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस और रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती की गई।

प्रदर्शनकारी हाथों में बैनर, पोस्टर और भगवा झंडे लेकर पहुंचे और आरक्षण व्यवस्था में बदलाव की मांग को लेकर नारेबाजी की। कुछ प्रदर्शनकारियों ने SC/ST एक्ट और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के नए इक्विटी नियमों पर भी आपत्ति जताई।

आर्थिक आधार पर आरक्षण की मांग

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि आरक्षण का लाभ जाति के बजाय आर्थिक जरूरत के आधार पर मिलना चाहिए। उन्होंने आरक्षित वर्गों में क्रीमी लेयर के प्रावधान को प्रभावी तरीके से लागू करने और आर्थिक रूप से संपन्न परिवारों को आरक्षण के दायरे से बाहर करने की मांग की।

उनकी प्रमुख मांगों में जाति आधारित आरक्षण की समीक्षा, आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को प्राथमिकता और शैक्षणिक संस्थानों में आरक्षण एवं समानता संबंधी नियमों के कथित दुरुपयोग को रोकना शामिल रहा।

अनुमति नहीं मिलने का पुलिस का दावा

दिल्ली पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के लिए अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बाद जंतर-मंतर पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई और बैरिकेडिंग की गई। पुलिस और अर्धसैनिक बलों ने प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाने की कोशिश की।

इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिए जाने की भी जानकारी सामने आई है। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बल तैनात हैं।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि मौजूदा आरक्षण व्यवस्था में ऐसी समीक्षा की जरूरत है जिससे सरकारी योजनाओं और आरक्षण का लाभ वास्तविक रूप से जरूरतमंद लोगों तक पहुंच सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *