अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल का 27 साल की उम्र में निधन, हार्ट अटैक से मौत की बात
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल का 27 साल की उम्र में निधन, हार्ट अटैक से मौत की बात
जींद: हरियाणा के जींद जिले के नंदगढ़ गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी मोहित दलाल का 27 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई है।
मोहित के निधन की खबर से उनके परिवार, गांव और कबड्डी जगत में शोक की लहर है।
विदेशों में भी जीते कई खिताब
मोहित दलाल ने कबड्डी में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने भारत के अलावा कनाडा, दुबई और इंग्लैंड में आयोजित प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया और कई खिताब अपने नाम किए।
शानदार रेडिंग के लिए पहचाने जाने वाले मोहित कई प्रतियोगिताओं में बेस्ट रेडर भी रहे। हरियाणा और पंजाब में आयोजित कई बड़े कबड्डी टूर्नामेंटों में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया था।
कुछ दिन पहले हुई थी सर्जरी
जानकारी के अनुसार, मोहित को कुछ दिन पहले चोट लगी थी, जिसके बाद उनकी सर्जरी हुई थी। वह फिलहाल रिकवरी के दौर से गुजर रहे थे और दोबारा कबड्डी के मैदान पर लौटने के लिए मेहनत कर रहे थे। हालांकि, अचानक हुए निधन से उनका खेल करियर हमेशा के लिए थम गया।
10 साल की उम्र में शुरू किया था कबड्डी का सफर
मोहित ने करीब 10 साल की उम्र में कबड्डी खेलना शुरू किया था। गांव के पूर्व पहलवान प्रकाश ने उन्हें कबड्डी की शुरुआती ट्रेनिंग दी। इसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत और नियमित अभ्यास के दम पर अपनी पहचान बनाई।
मोहित ने शीलू बल्हारा समेत कई बड़े खिलाड़ियों के साथ मुकाबले खेले और विभिन्न बड़े टूर्नामेंटों में शानदार प्रदर्शन किया। परिवार में वह इकलौते पहलवान थे।
महज 27 वर्ष की उम्र में उनके निधन से खेल जगत ने एक प्रतिभाशाली कबड्डी खिलाड़ी को खो दिया है।
