राजनीति

पंजाब में AAP को बड़ा झटका, दो विधायकों ने दिया इस्तीफा; पार्टी बोली- पहले ही कर चुके थे किनारा

पंजाब में AAP को बड़ा झटका, दो विधायकों ने दिया इस्तीफा; पार्टी बोली- पहले ही कर चुके थे किनारा

पंजाब के पटियाला जिले की सनौर और समाना विधानसभा सीटों से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायकों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा और समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने यह कदम उठाया है। हालांकि, आम आदमी पार्टी का कहना है कि इन दोनों नेताओं को पार्टी पहले ही कार्रवाई के तहत बाहर कर चुकी थी।

सनौर के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। वह 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में AAP के टिकट पर जीतकर विधानसभा पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि अपनी ही सरकार की ओर से कार्रवाई किए जाने के बाद उनके पार्टी नेतृत्व के साथ मतभेद बढ़ गए थे। इसके बाद उन्होंने पार्टी के खिलाफ तीखे तेवर अपना लिए थे।

वहीं, समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने भी आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता छोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस्तीफे की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि AAP की ओर से हाल ही में जारी उम्मीदवारों की पहली सूची में उनका नाम शामिल नहीं था। इसके बाद उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला लिया।

2022 में भारी मतों से जीते थे चेतन सिंह जोड़ामाजरा

चेतन सिंह जोड़ामाजरा 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में समाना सीट से आम आदमी पार्टी के टिकट पर भारी मतों से जीतकर विधायक बने थे। इसके बाद उन्हें भगवंत मान सरकार में कैबिनेट मंत्री भी बनाया गया था।

AAP ने भाजपा पर साधा निशाना

इस पूरे घटनाक्रम पर आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि पार्टी ने हमेशा पंजाब को प्राथमिकता दी है और भ्रष्टाचार या पंजाब के हितों के खिलाफ काम करने वाले नेताओं पर बिना हिचकिचाहट कार्रवाई की है।

अमन अरोड़ा ने आरोप लगाया कि भाजपा ऐसे नेताओं को अपने साथ जोड़ रही है, जिन्हें आम आदमी पार्टी पहले ही बाहर कर चुकी है। उन्होंने पठानमाजरा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने उन्हें दुष्कर्म के आरोप में जेल भेजा था। अरोड़ा ने दावा किया कि भाजपा के पास पंजाब में अपना कोई राजनीतिक आधार नहीं है और वह दूसरी पार्टियों से निकाले गए नेताओं को इकट्ठा कर रही है।

बलतेज पन्नू बोले- पार्टी पहले ही कर चुकी थी किनारा

आम आदमी पार्टी के महासचिव और मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने भी एक्स पर पोस्ट कर दोनों विधायकों के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दोनों विधायकों की गतिविधियों के कारण पार्टी पहले ही उनसे किनारा कर चुकी थी।

पन्नू ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि पंजाब में भाजपा को उम्मीदवार नहीं मिल रहे हैं और अब वह दूसरी पार्टियों से निकाले गए नेताओं को अपने साथ जोड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *