इंडोनेशिया में 6.1 तीव्रता का भूकंप, नियास द्वीप के पास आया झटका; सुनामी का खतरा नहीं
इंडोनेशिया में 6.1 तीव्रता का भूकंप, नियास द्वीप के पास आया झटका; सुनामी का खतरा नहीं
इंडोनेशिया के उत्तरी सुमात्रा प्रांत में नियास द्वीप के पास मंगलवार को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। देश की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी के मुताबिक, भूकंप के बाद फिलहाल किसी बड़े जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है।
दोपहर में आया भूकंप
भूकंप स्थानीय समय के मुताबिक दोपहर 1:02 बजे आया। इसका केंद्र साउथ नियास रीजेंसी से करीब 147 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में था और भूकंप की गहराई करीब 29 किलोमीटर बताई गई है।
एजेंसी ने स्पष्ट किया कि इस भूकंप से सुनामी का खतरा नहीं है।
इसी महीने आया था 7.7 तीव्रता का भूकंप
नियास के पास आया यह भूकंप ऐसे समय में आया है जब इंडोनेशिया के ईस्ट नुसा तेंगारा (NTT) प्रांत में इसी महीने 7.7 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप ने भारी तबाही मचाई थी।
राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी (BNPB) के मुताबिक, उस भूकंप में मरने वालों की संख्या बढ़कर 68 हो गई है, जबकि 213 लोग घायल हुए हैं। सबसे ज्यादा मौतें मौमंगराई और ईस्ट मंगराई रीजेंसी में हुई हैं।
1,500 से ज्यादा आफ्टरशॉक
अधिकारियों के अनुसार, शक्तिशाली भूकंप के बाद कम से कम 1,576 आफ्टरशॉक दर्ज किए जा चुके हैं। भूकंप से सैकड़ों घरों के अलावा स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और सरकारी कार्यालय भी प्रभावित हुए हैं।
आंकड़ों के मुताबिक, 914 घरों को भारी, 126 को मध्यम और 317 घरों को हल्का नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 93 शिक्षण केंद्र, 36 स्वास्थ्य केंद्र और 38 सरकारी कार्यालयों को भी नुकसान हुआ है।
राहत और बचाव अभियान जारी
भूकंप प्रभावित इलाकों में राहत एवं चिकित्सा अभियान जारी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगगराई और नागेकेओ में दो अस्थायी फील्ड अस्पताल भेजे हैं। चिकित्सा और संकट प्रबंधन दल भी प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किए गए हैं।
इंडोनेशियाई सेना मुश्किल इलाकों तक राहत सामग्री पहुंचाने में जुटी है। वहीं, प्रभावित क्षेत्रों में बिजली और दूरसंचार सेवाओं को भी धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है।
ईस्ट नुसा तेंगारा की प्रांतीय सरकार ने 15 अगस्त को आए शक्तिशाली भूकंप के बाद 14 दिनों के लिए आपातकालीन प्रतिक्रिया स्थिति घोषित की है।
