होर्मुज स्ट्रेट में नेवल माइन से टकराकर फटा तेल टैंकर, नियम उल्लंघन बना हादसे की वजह
होर्मुज स्ट्रेट में नेवल माइन से टकराकर फटा तेल टैंकर, नियम उल्लंघन बना हादसे की वजह
होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) में ईरान द्वारा निर्धारित नेविगेशन रूट का उल्लंघन करने वाला एक अज्ञात तेल टैंकर नेवल माइंस से टकराने के बाद विस्फोट के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। ‘डेफा प्रेस’ की रिपोर्ट के अनुसार, ईरान द्वारा तय किए गए सुरक्षित समुद्री रास्ते से भटकने के कारण यह हादसा हुआ।
ईरान पहले ही चेतावनी जारी कर चुका था कि उसके बताए रूट का पालन न करने वाले जहाजों को गंभीर नतीजों का सामना करना पड़ेगा। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह टैंकर किस देश का था और किस गंतव्य की ओर जा रहा था।
समुद्र में कैसे बिछी थीं माइंस?
28 फरवरी को अमेरिका और इजरायल द्वारा किए गए हमलों के बाद ईरान ने होर्मुज क्षेत्र पर नियंत्रण मजबूत करने के लिए समुद्र में नेवल माइंस बिछा दी थीं। ये माइंस किसी भी जहाज के संपर्क में आते ही भयानक विस्फोट करने में सक्षम हैं। ईरान ने माइंस बिछाने के बाद अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चेतावनी जारी की थी।
क्या है ‘सेफ रूट’ और टोल का विवाद?
अमेरिका के साथ संघर्षविराम (सीजफायर) खत्म होने के बाद, ईरान केवल उन्हीं जहाजों को होर्मुज से गुजरने की अनुमति दे रहा है जो उसे भारी टोल टैक्स का भुगतान कर रहे हैं। टोल चुकाने वाले जहाजों को ही ईरान द्वारा ‘सुरक्षित मार्ग’ (Safe Route) की जानकारी दी जाती है। इस हादसे से यह साफ हो गया है कि सुरक्षित मार्ग से हटने का सीधा मतलब माइंस वाले खतरनाक क्षेत्र में प्रवेश करना है।
टोल देने में जहाजों की हिचकिचाहट और बढ़ता खतरा
जहाजों के सामने मुख्य चुनौती यह है कि अमेरिका ने चेतावनी जारी कर रखी है कि जो भी जहाज ईरान को टोल देगा, उस पर कड़े आर्थिक प्रतिबंध और कार्रवाई की जाएगी। यही वजह है कि कई देश और शिपिंग कंपनियां टोल देने से बच रही हैं। माना जा रहा है कि इस टैंकर ने भी बिना टोल दिए रास्ता पार करने की कोशिश की, जो हादसे का कारण बना। इस घटना ने साबित कर दिया है कि निकट भविष्य में होर्मुज जलडमरूमध्य से तेल और गैस टैंकरों की आवाजाही अत्यंत जोखिम भरी बनी रहेगी।
