दक्षिण चीन सागर में डूबा वियतनामी जहाज, संयुक्त सर्च ऑपरेशन में अब तक 45 लोग बचाए गए
दक्षिण चीन सागर में डूबा वियतनामी जहाज, संयुक्त सर्च ऑपरेशन में अब तक 45 लोग बचाए गए
दक्षिण चीन सागर में योंगशु रीफ के पास शनिवार को वियतनाम का एक जहाज ‘खोई गुयेन 18′ अचानक डूब गया। 69.9 मीटर लंबे और 10.8 मीटर चौड़े इस जहाज पर कुल 62 लोग सवार थे। हादसे के बाद चीन और वियतनाम की टीमों ने मिलकर चलाए गए राहत और बचाव अभियान के तहत अब तक 45 लोगों को सुरक्षित बचा लिया है।
चीन और वियतनाम का संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन
’ग्लोबल टाइम्स’ की रिपोर्ट के अनुसार, दोनों देशों ने मिलकर एक संयुक्त सर्च और रेस्क्यू कमांड सिस्टम तैयार किया है। चीन का बचाव पोत ‘नानहाई जिउ 115’ इस ऑपरेशन में कमांडर की भूमिका निभा रहा है। चीन ने बचाव कार्य के लिए 6 जहाज और एक हेलीकॉप्टर तैनात किया है, जबकि वियतनाम के भी 7 जहाज इस सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
शनिवार शाम मिला था अलर्ट
शनिवार शाम सान्या लौट रहे चीनी बचाव पोत को समुद्र में एक लाइफ राफ्ट दिखाई दिया, जिसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रविवार दोपहर 1:42 बजे आखिरी व्यक्ति को सुरक्षित निकाला गया। लापता अन्य लोगों की तलाश के लिए सैटेलाइट तस्वीरों और आसपास से गुजरने वाले जहाजों की भी मदद ली जा रही है। फिलहाल खोज अभियान जारी है।
