सोनम वांगचुक का केंद्र को पत्र: कहा- ‘छात्रों पर कार्रवाई न होने का आश्वासन मिले तो तोडूंगा अनशन’; अन्ना हजारे करेंगे मौन प्रदर्शन
सोनम वांगचुक का केंद्र को पत्र: कहा- ‘छात्रों पर कार्रवाई न होने का आश्वासन मिले तो तोडूंगा अनशन’; अन्ना हजारे करेंगे मौन प्रदर्शन
नई दिल्ली: 25 से अधिक दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे प्रसिद्ध पर्यावरण कार्यकर्ता सोनम वांगचुक ने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर अपना अनशन समाप्त करने के लिए एक प्रमुख शर्त रखी है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार यह लिखित या स्पष्ट भरोसा देती है कि प्रदर्शनकारी छात्रों के खिलाफ कोई दंडात्मक या बदले की कार्रवाई नहीं की जाएगी, तो वह अपना अनशन समाप्त कर देंगे।
सोनम वांगचुक की केंद्र सरकार से अपील
केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह को लिखे पत्र में सोनम वांगचुक ने छात्रों का पक्ष लेते हुए कहा:
”मैं सरकार से विनम्रतापूर्वक निवेदन करता हूं कि वह स्पष्ट आश्वासन दे कि आंदोलन में भाग लेने वाले किसी भी युवा प्रदर्शनकारी के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। उनका एकमात्र ‘अपराध’ निष्पक्ष और जवाबदेह शिक्षा प्रणाली के लिए आवाज उठाना है।”
’चलो संसद यात्रा’ का जिक्र: वांगचुक ने लिखा कि 20 जुलाई 2026 को आयोजित ‘चलो संसद यात्रा’ पुलिस की सख्त कार्रवाई के बावजूद पूरी तरह शांतिपूर्ण रही। पूरे देश और दुनिया ने छात्रों के संयम और लोकतांत्रिक भावना को देखा है।
अनशन खत्म करने का प्रस्ताव: उन्होंने कहा कि यदि सरकार सुरक्षा और कानूनी संरक्षण का आश्वासन देती है, तो वह इस विश्वास के साथ अपना अनशन समाप्त करेंगे कि सरकार ने युवाओं की आकांक्षाओं को सुना है। आश्वासन न मिलने पर अनशन जारी रहेगा।
अन्ना हजारे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र; 2 घंटे का करेंगे मौन आंदोलन
वरिष्ठ समाजसेवी अन्ना हजारे ने भी इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर छात्रों से संवाद स्थापित करने की अपील की है:
संवाद से समाधान की मांग: अन्ना हजारे ने कहा कि लोकतंत्र में जनता और छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनसे बातचीत कर समस्याओं का समाधान निकाला जाना चाहिए।
शिक्षा मंत्री की जवाबदेही: उन्होंने नीट (NEET) परीक्षा में हुई गंभीर अनियमितताओं और पेपर लीक का हवाला देते हुए कहा कि 22 लाख छात्रों का भविष्य दांव पर है। गड़बड़ियों की जिम्मेदारी केवल निचले स्तर के अधिकारियों पर डालना गलत है; मंत्री स्तर पर जवाबदेही तय होनी चाहिए।
सोनम वांगचुक को हटाए जाने की निंदा: उन्होंने जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को जबरन हटाए जाने की भी आलोचना की।
अहिल्यानगर में मौन प्रदर्शन: छात्रों के समर्थन में अन्ना हजारे कल सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक अहिल्यानगर के वाडिया पार्क स्थित गांधी स्मारक पर 2 घंटे का मौन आंदोलन करेंगे।
