अभिनेत्री रानी मुखर्जी को मिलेगा बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मान, ला ट्रोब यूनिवर्सिटी देगी मानद डॉक्टरेट की उपाधि
अभिनेत्री रानी मुखर्जी को मिलेगा बड़ा अंतरराष्ट्रीय सम्मान, ला ट्रोब यूनिवर्सिटी देगी मानद डॉक्टरेट की उपाधि
मुंबई: भारतीय सिनेमा की बेहतरीन अभिनेत्रियों में शुमार रानी मुखर्जी के नाम एक और बड़ी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि जुड़ने जा रही है। ऑस्ट्रेलिया की प्रतिष्ठित ला ट्रोब यूनिवर्सिटी (La Trobe University) उन्हें मानद ‘डॉक्टर ऑफ लेटर्स’ (Honorary Doctor of Letters) की उपाधि से सम्मानित करेगी। यह सम्मान उन्हें आगामी ‘इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न’ (IFFM) 2026 के दौरान दिया जाएगा।
14 अगस्त को मेलबर्न में आयोजित होगा विशेष समारोह
रानी मुखर्जी को यह मानद उपाधि 14 अगस्त 2026 को मेलबर्न के फेडरेशन स्क्वायर में होने वाले एक विशेष समारोह में प्रदान की जाएगी। यह पुरस्कार भारतीय सिनेमा में उनके तीन दशक लंबे शानदार योगदान के साथ-साथ महिलाओं, बच्चों और समाज के वंचित वर्गों के लिए किए गए उनके सामाजिक कार्यों को रेखांकित करता है। गौरतलब है कि इस साल इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न का आयोजन 13 से 23 अगस्त तक किया जा रहा है।
”सिनेमा ही मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा शिक्षक”
इस प्रतिष्ठित सम्मान पर खुशी जाहिर करते हुए रानी मुखर्जी ने कहा, “ला ट्रोब यूनिवर्सिटी से मानद डॉक्टर ऑफ लेटर्स की उपाधि मिलना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। सिनेमा मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा शिक्षक रहा है। मेरा हमेशा से मानना रहा है कि अच्छी कहानियां लोगों के भीतर संवेदनाएं जगाने, जरूरी विषयों पर संवाद शुरू करने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की ताकत रखती हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि वह खुद को सौभाग्यशाली मानती हैं कि उन्हें पर्दे पर संघर्ष, हिम्मत और उम्मीद जैसे मानवीय जज्बातों को जीने का मौका मिला। रानी ने इस सम्मान को अपने देश भारत और दुनिया भर के उन सभी प्रशंसकों को समर्पित किया, जिनके प्यार और भरोसे ने उन्हें एक अभिनेत्री के रूप में आगे बढ़ने की ताकत दी।
