विंबलडन: सबसे लंबे क्वार्टर फाइनल मैच में जीते जोकोविच; 15वीं बार सेमीफाइनल में बनाई जगह
विंबलडन: सबसे लंबे क्वार्टर फाइनल मैच में जीते जोकोविच; 15वीं बार सेमीफाइनल में बनाई जगह
लंदन: 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच ने विंबलडन इतिहास का सबसे लंबा क्वार्टर फाइनल मुकाबला जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कटा लिया है। 5 घंटे और 15 मिनट तक चले इस मैराथन मैच में जोकोविच ने फेलिक्स ऑगर-अलियासिमे को 7-6(10), 3-6, 6-3, 6-7(4), 7-6(10-4) से धूल चटाई। इस ऐतिहासिक जीत के साथ जोकोविच लगातार आठवीं और कुल 15वीं बार विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंचे हैं।
बने दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
39 साल और 51 दिन की उम्र में जोकोविच ओपन एरा में विंबलडन सेमीफाइनल में पहुंचने वाले दूसरे सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में उनसे आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के केन रोजवेल (1974 में 39 साल 246 दिन) हैं। यह जोकोविच के करियर का रिकॉर्ड 55वां ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल होगा।
चोट के बावजूद अनुभव से पलटा मैच
मुकाबले के दौरान जोकोविच को पिंडली की चोट की वजह से मेडिकल टाइमआउट भी लेना पड़ा। कनाडा के युवा खिलाड़ी अलियासिमे ने उन्हें कड़ी टक्कर दी और मैच को पांचवें सेट के टाई-ब्रेकर तक खींच दिया। लेकिन जोकोविच ने अपने अनुभव और धैर्य का परिचय देते हुए आखिरी पलों में शानदार वापसी की।
शीर्ष-10 खिलाड़ियों के खिलाफ हार का सिलसिला टूटा
इस जीत के साथ ही जोकोविच ने विंबलडन में टॉप-10 खिलाड़ियों के खिलाफ लगातार तीन हार के सिलसिले को भी खत्म कर दिया है। इससे पहले उन्हें 2023 और 2024 के फाइनल में कार्लोस अल्काराज से, और पिछले साल सेमीफाइनल में यानिक सिनर से हार का सामना करना पड़ा था।
सेमीफाइनल में यानिक सिनर से होगा मुकाबला
फाइनल की टिकट के लिए अब जोकोविच का सामना इटली के स्टार खिलाड़ी यानिक सिनर से होगा। पिछले साल सिनर ने ही सेमीफाइनल में जोकोविच को हराकर टूर्नामेंट से बाहर किया था, ऐसे में फैंस को एक बार फिर दोनों के बीच ब्लॉकबस्टर मुकाबला देखने को मिलेगा।
