फीफा वर्ल्ड कप: मेक्सिको की जीत के जश्न में डूबी राजधानी, दम घुटने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत
फीफा वर्ल्ड कप: मेक्सिको की जीत के जश्न में डूबी राजधानी, दम घुटने से 3 लोगों की दर्दनाक मौत
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इक्वाडोर पर सह-मेजबान मेक्सिको ने 2-0 से शानदार जीत दर्ज करते हुए ‘राउंड ऑफ 16’ में जगह बनाई, लेकिन खुशी और जश्न का माहौल कुछ ही देर बाद एक दुखद घटना में बदल गया। जीत के ऐतिहासिक जश्न के दौरान मेक्सिको की राजधानी के डाउनटाउन इलाके में भारी भीड़ के कारण दम घुटने (Asphyxiation) से तीन लोगों की मौत हो गई।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया है कि शहर के मशहूर ‘एंजेल ऑफ इंडिपेंडेंस’ स्मारक के पास सड़कों पर दो महिलाएं और एक पुरुष अचेत अवस्था में पाए गए थे। यहां मंगलवार देर रात लाखों लोग ‘राउंड ऑफ 32′ मैच में मेक्सिको की ऐतिहासिक जीत का जश्न मनाने के लिए जमा हुए थे।
स्वास्थ्य सचिवालय ने दी जानकारी
’एबीसीन्यूजडॉटकॉम’ की रिपोर्ट के अनुसार, मेक्सिको सिटी के स्वास्थ्य सचिवालय ने सोशल प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बताया कि जिन लोगों की दम घुटने से मौत हुई, उनकी उम्र 48, 44 और 19 साल थी। हालांकि, शुरुआती रिपोर्टों में अधिकारियों ने मौतों के विस्तृत हालातों के बारे में कोई और विशेष जानकारी साझा नहीं की थी।
मेयर क्लारा ब्रुगाडा ने जताई संवेदना
मेक्सिको सिटी की मेयर क्लारा ब्रुगाडा ने सोशल मीडिया पर जानकारी दी है कि तीन लोगों के बेहोश होने की खबर मिलने के बाद इमरजेंसी टीमें तुरंत मौके पर पहुंची थीं, लेकिन तमाम प्रयासों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका।
मेयर ने अपनी पोस्ट के जरिए बताया:
”मेक्सिको सिटी की इमरजेंसी टीमों ने ‘पासेओ डे ला रिफॉर्मा’ के पास अलग-अलग स्थानों पर तीन लोगों के बेहोश होने की सूचना पर तुरंत कार्रवाई की। सभी मेडिकल प्रोटोकॉल और सीपीआर (पुनर्जीवित करने के प्रयास) लागू किए गए। हालांकि, बेहद दुख की बात है कि उनकी जान चली गई।”
इसके साथ ही क्लारा ब्रुगाडा ने आम जनता से बेहद जिम्मेदारी, सावधानी और संवेदनशीलता के साथ जीत का जश्न मनाने की भावुक अपील भी की।
5 किलोमीटर लंबे मार्ग पर उमड़ा था जनसैलाब
मैच समाप्त होने के तुरंत बाद पूरी मेक्सिको सिटी जश्न के सराबोर में डूब गई थी। मंगलवार रात राजधानी के इंडिपेंडेंस मॉन्यूमेंट के आसपास आतिशबाजी से पूरा आसमान जगमगा उठा। मेक्सिको के लिए यह जीत इसलिए भी बेहद खास थी क्योंकि टीम ने 40 साल बाद वर्ल्ड कप के नॉकआउट स्टेज में कोई मुकाबला जीता है।
इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनने के लिए करीब 14 लाख मैक्सिकन फैंस राजधानी के मुख्य चौक ‘जोकालो’ से ‘चापुल्टेपेक पार्क’ तक फैले लगभग 5 किलोमीटर लंबे ‘पासेओ दे ला रिफोर्मा’ मार्ग पर उमड़ पड़े थे, जहां अत्यधिक भीड़ के दबाव के चलते यह दर्दनाक हादसा हो गया।
