मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ में सुनीं समस्याएं, अतिक्रमण की शिकायत पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘जनता दर्शन’ में सुनीं समस्याएं, अतिक्रमण की शिकायत पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर/लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह अपने पारंपरिक ‘जनता दर्शन’ कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों से मुलाकात की। भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों से सीएम ने एक-एक कर बात की, उनके प्रार्थना पत्र लिए और समस्याओं के त्वरित निस्तारण का भरोसा दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कड़े निर्देश जारी करते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अतिक्रमण की शिकायत पर कड़ा रुख, मथुरा के मामले में जिलाधिकारी को निर्देश
’जनता दर्शन’ के दौरान मथुरा से आए एक बुजुर्ग ने मुख्यमंत्री से चकरोड पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत की। फरियादी ने बताया कि स्थानीय स्तर पर बार-बार गुहार लगाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सीधे मथुरा के जिलाधिकारी (DM) को निर्देशित किया:
”जिलाधिकारी स्वयं मौके पर जाएं और जमीन की यथास्थिति की जांच करें। यदि वहां किसी भी प्रकार का अतिक्रमण पाया जाता है, तो उसे तत्काल प्रभाव से हटाया जाए और अवैध कब्जा करने वाले दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए।”
मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि प्रदेश में अतिक्रमण की शिकायतें कतई बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। उन्होंने पुलिस, प्रशासन, नगर निगम और विकास प्राधिकरणों सहित सभी जिम्मेदार संस्थाओं को नियमित रूप से अपने-अपने क्षेत्रों में मॉनिटरिंग (निगरानी) करने के निर्देश दिए।
हर पीड़ित के साथ खड़ी है सरकार
जनता दर्शन में राजस्व, पुलिस, शिक्षा, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता और बिजली के जर्जर तारों से जुड़ी तमाम शिकायतें और प्रार्थना पत्र सामने आए। मुख्यमंत्री ने सभी पीड़ितों को आश्वस्त करते हुए कहा, “सरकार जनता की हर मूलभूत आवश्यकता को पूरा कर रही है। आप में से किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है, सरकार हर परिस्थिति में प्रदेश के 25 करोड़ नागरिकों के साथ मुस्तैदी से खड़ी है और आपकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।”
भीषण गर्मी को लेकर सीएम की अपील
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सबसे पहले चिलचिलाती धूप और भीषण गर्मी में पहुंचे लोगों का हालचाल जाना। उन्होंने बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वर्तमान में धूप और गर्मी का प्रकोप बहुत अधिक है, इसलिए बहुत जरूरी होने पर ही दोपहर के समय घरों से बाहर निकलें। इसके साथ ही उन्होंने सभी को इस मौसम में संयमित और सुरक्षित खानपान बनाए रखने की भी सलाह दी।
