नितिन नवीन ने पीएम मोदी के ‘नाराज फूफा’ बयान का किया समर्थन, विपक्ष पर साधा निशाना
नितिन नवीन ने पीएम मोदी के ‘नाराज फूफा’ बयान का किया समर्थन, विपक्ष पर साधा निशाना
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विपक्ष को लेकर दिए ‘नाराज फूफा’ वाले बयान का समर्थन करते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष देश के विकास, विरासत और संस्कृति से जुड़ी उपलब्धियों पर भी नाराजगी जताता है, लेकिन उसके विरोध के बावजूद विकसित भारत का संकल्प पूरा होकर रहेगा।
‘हर उपलब्धि पर विपक्ष को होती है नाराजगी’
नितिन नवीन ने रविवार को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में युवाओं को संबोधित करते हुए विपक्ष की तुलना ‘नाराज फूफा’ से की थी।
उन्होंने कहा कि परिवार और समाज में कुछ लोग ऐसे होते हैं जो हर बात से असंतुष्ट रहते हैं और उन्हें किसी भी स्थिति में संतुष्ट करना मुश्किल होता है। प्रधानमंत्री ने ऐसे लोगों के लिए ‘नाराज फूफा’ शब्द का इस्तेमाल किया था।
अनुच्छेद 370 और नक्सलवाद का किया जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि भारत विकास कर रहा है तो उसे नाराजगी होती है। कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाए जाने और लाल चौक पर तिरंगा फहराए जाने पर भी विपक्ष की ओर से सवाल उठाए गए। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद समाप्ति की दिशा में बढ़ रहा है, लेकिन विपक्ष इससे भी खुश नहीं है।
नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के सरकार के दावे का भी जिक्र किया और कहा कि विपक्ष इस उपलब्धि पर भी सवाल उठाता है।
‘विकसित भारत 2047’ को बताया देश का संकल्प
नितिन नवीन ने कहा कि विपक्ष की स्थिति ऐसे ‘नाराज फूफा’ जैसी हो गई है, जो हर मुद्दे पर विरोध करता है। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति, विरासत और संस्कृति को आगे बढ़ता देख विपक्ष निजी स्वार्थ और राजनीतिक प्रतिष्ठा तक सीमित नजरिया रखता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का ‘विकसित भारत 2047’ का विजन केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है। विपक्ष के विरोध के बावजूद देश का विकास जारी रहेगा और भाजपा तथा देशवासी मिलकर इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए काम करते रहेंगे।
