न्यूयॉर्क फैशन इवेंट के दौरान अनिल कपूर की बेटी रिया कपूर के 1.35 करोड़ के हीरे के झुमके चोरी, मुंबई में FIR दर्ज
न्यूयॉर्क फैशन इवेंट के दौरान अनिल कपूर की बेटी रिया कपूर के 1.35 करोड़ के हीरे के झुमके चोरी, मुंबई में FIR दर्ज
मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अनिल कपूर की बेटी, फिल्ममेकर और मशहूर स्टाइलिस्ट रिया कपूर के लिए एक इंटरनेशनल फैशन इवेंट उस समय बड़ी मुसीबत बन गया, जब उनके 1.35 करोड़ रुपये की कीमत के हीरे जड़े ईयररिंग्स चोरी हो गए। यह घटना तब हुई जब रिया कपूर अपनी टीम के साथ न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘मेट गाला’ (Met Gala) फैशन इवेंट में शामिल होने जा रही थीं। इस सिलसिले में मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन में चोरी की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई गई है।
मेकअप आर्टिस्ट के बैग से गायब हुए झुमके
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, ये कीमती ईयररिंग्स रिया कपूर की मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह के हैंडबैग से गायब हुए हैं। सवलीन पिछले करीब 7 सालों से रिया के साथ काम कर रही हैं। रिया ने इस बड़े इवेंट के लिए मुंबई के दो नामी ज्वेलर्स से दो अलग-अलग झुमके किराए पर लिए थे, जिन्हें सुरक्षा के लिहाज से दो अलग-अलग बॉक्स में पैक करके सवलीन के बैग में रखा गया था।
न्यूयॉर्क के होटल में खुला राज
रिया कपूर और उनकी पूरी टीम ने 27 अप्रैल को रात 10:25 बजे मुंबई से अमीरात फ्लाइट के जरिए उड़ान भरी थी। दुबई होते हुए वे 28 अप्रैल की शाम 5:30 बजे न्यूयॉर्क के कैनेडी एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से सभी सीधे ‘होटल पियर’ गए और अपने-अपने कमरों में चले गए। कमरे में पहुंचने के बाद जब मेकअप आर्टिस्ट सवलीन ने टीम की दूसरी सदस्य शिरीन को देने के लिए ईयररिंग्स के बॉक्स खोले, तो दोनों बॉक्स खाली थे। कीमती झुमके गायब देखकर पूरी टीम के होश उड़ गए।
किराए पर लिए थे 1.35 करोड़ के ईयररिंग्स
चोरी हुए ईयररिंग्स को मुंबई के मशहूर ज्वेलर्स से इस इवेंट के लिए खास तौर पर किराए पर लिया गया था:
मेहता ज्वेलर्स: यहाँ से लिए गए पन्ना स्टोन डायमंड ईयररिंग्स की कीमत 66 लाख रुपये थी।
गोयंका ज्वेलर्स: यहाँ से लिए गए जाम्बियन स्टोन वाले ईयररिंग्स की कीमत 69 लाख रुपये थी।
कुल नुकसान: दोनों ईयररिंग्स की कुल कीमत 1.35 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मुंबई लौटकर दर्ज कराई शिकायत, जांच में जुटी पुलिस
अमरीका यात्रा से वापस लौटने के बाद मेकअप आर्टिस्ट सवलीन सिंह की शिकायत पर मुंबई के सहार पुलिस स्टेशन में चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मुंबई एयरपोर्ट, फ्लाइट, दुबई ट्रांजिट और न्यूयॉर्क एयरपोर्ट से लेकर होटल तक की पूरी टाइमलाइन और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चोरी की यह वारदात असल में किस जगह पर हुई।
