पासपोर्ट सत्यापन में शानदार प्रदर्शन: उत्तराखण्ड पुलिस को मिला राष्ट्रीय सम्मान, विदेश मंत्री ने थमाया अवॉर्ड
पासपोर्ट सत्यापन में शानदार प्रदर्शन: उत्तराखण्ड पुलिस को मिला राष्ट्रीय सम्मान, विदेश मंत्री ने थमाया अवॉर्ड
नई दिल्ली/देहरादून: उत्तराखण्ड पुलिस के नाम एक और बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि दर्ज हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान पासपोर्ट आवेदनों के पुलिस सत्यापन (Verification) में उत्कृष्ट, त्वरित और प्रभावी कार्य निष्पादन के लिए भारत सरकार ने उत्तराखण्ड पुलिस को “Institutional Performance Award for State Police” से सम्मानित किया है। यह प्रतिष्ठित पुरस्कार देशभर के सभी राज्यों की पुलिस द्वारा किए गए सत्यापन के प्रदर्शन और तय समय-सीमा के आधार पर दिया गया।
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने प्रदान किया सम्मान
नई दिल्ली स्थित विदेश मंत्रालय के जवाहरलाल नेहरू भवन में आयोजित एक भव्य और गरिमामयी समारोह में माननीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर द्वारा यह अवॉर्ड प्रदान किया गया। उत्तराखण्ड पुलिस की ओर से श्री ए. पी. अंशुमान (अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन) ने इस सम्मान को ग्रहण किया।
इस विशेष उपलब्धि पर पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री दीपम सेठ ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि यह सम्मान उत्तराखण्ड पुलिस द्वारा पासपोर्ट सत्यापन प्रक्रिया को पूरी तरह से नागरिक-केंद्रित, पारदर्शी और समयबद्ध (Time-bound) बनाने के लिए लगातार किए गए प्रयासों और तकनीकी सुधारों का सुखद परिणाम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई
इस गौरवान्वित करने वाली उपलब्धि पर उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरी पुलिस फोर्स को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
”नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उत्तराखण्ड पुलिस को मिला यह राष्ट्रीय सम्मान उसी दिशा में किए जा रहे हमारे प्रयासों की सफलता का प्रतीक है। मुझे पूरा विश्वास है कि भविष्य में भी उत्तराखण्ड पुलिस नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का मान बढ़ाती रहेगी।” — पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री
उत्तराखण्ड पुलिस की इस सफलता से अब राज्य में पासपोर्ट बनवाने वाले आम नागरिकों को और अधिक सहूलियत और पारदर्शी व्यवस्था मिलने की उम्मीद है।
