‘तुम्हारा सिर फोड़ दूंगा’: करण जौहर के सहकर्मी सोमेन मिश्रा का अनुराग कश्यप पर चौंकाने वाला दावा
‘तुम्हारा सिर फोड़ दूंगा’: करण जौहर के सहकर्मी सोमेन मिश्रा का अनुराग कश्यप पर चौंकाने वाला दावा
मुंबई: बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर अनुराग कश्यप अक्सर अपने बेबाक बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं, लेकिन इस बार वह एक गंभीर आरोप के कारण चर्चा में आ गए हैं। करण जौहर की कंपनी ‘धर्मा प्रोडक्शन्स’ के कंटेंट हेड सोमेन मिश्रा ने अनुराग कश्यप पर बेहद चौंकाने वाला दावा किया है। सोमेन का कहना है कि अनुराग कश्यप ने एक बार उनके घर आकर उनका सिर फोड़ने की धमकी दी थी।
यह खुलासा सोमेन मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर किया, जिसके बाद इंटरनेट पर हलचल मच गई है।
नई किताब के ऐलान के बाद खुला राज
दरअसल, यह पूरा मामला तब शुरू हुआ जब मशहूर पब्लिशिंग हाउस ‘पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया’ ने अनुराग कश्यप पर एक नई किताब की घोषणा की। इस किताब को पत्रकार नमन रामचंद्रन और खुद अनुराग कश्यप मिलकर लिख रहे हैं।
किताब का ऐलान होते ही सोमेन मिश्रा ने पब्लिशिंग हाउस के पोस्ट को री-ट्वीट करते हुए एक्स पर लिखा:
”अगर इस किताब में वह चैप्टर नहीं है, जिसमें एके (अनुराग कश्यप) ने मेरे घर पर आकर मुझे मेरा सिर फोड़ने की धमकी दी थी, तो यह किताब किसी काम की नहीं है।”
यूजर्स ने मांगी पूरी घटना की डिटेल
सोमेन मिश्रा का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और यूजर्स ने उनसे इस विवाद की वजह पूछनी शुरू कर दी। लोग लगातार कमेंट्स कर रहे हैं कि, “आखिर अनुराग कश्यप ने ऐसा क्यों किया?”, “क्या आप दोनों के बीच कोई पुरानी दुश्मनी थी?” और “प्लीज हमें इस घटना की पूरी डिटेल बताइए।” हालांकि, सोमेन मिश्रा ने अभी तक इस धमकी के पीछे की असली वजह का खुलासा नहीं किया है।
अनुराग कश्यप की ‘लेगेसी’ पर उठाए सवाल
धमकी वाले पोस्ट के बाद सोमेन मिश्रा ने एक और ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने अनुराग कश्यप के सिनेमाई करियर और उनकी विरासत (Legacy) पर तंज कसा। उन्होंने लिखा:
”इस तरह के डॉक्यूमेंटेशन (किताब) की बेहद जरूरत थी। सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर मिली कामयाबी से कोई लेगेसी नहीं बनती और न ही सिनेमा की भाषा बदलती है। वरना, सभी फिल्म स्कूल, एकेडमिक्स, कास्ट-क्रू और इंडस्ट्री ‘जय संतोषी मां’ की ब्लॉकबस्टर सफलता पर स्टडी कर रहे होते, न कि गुरु दत्त की फिल्मों पर।”
अपने इस पोस्ट के जरिए सोमेन ने यह समझाने की कोशिश की कि केवल हिट फिल्में देना ही किसी फिल्ममेकर की असली पहचान नहीं होती। फिलहाल इस पूरे विवाद पर अनुराग कश्यप की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
