उत्तराखंड

कांग्रेस ने फूंका 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल: 28 जून से शुरू होगा प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान

कांग्रेस ने फूंका 2027 विधानसभा चुनाव का बिगुल: 28 जून से शुरू होगा प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान

​देहरादून: उत्तराखंड में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने अपनी राजनीतिक बिसात बिछानी शुरू कर दी है। शनिवार, 20 जून 2026 को कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 28 जून से प्रदेशव्यापी जन जागरूकता अभियान शुरू करने का एलान किया। कांग्रेस का यह कदम चुनाव प्रक्रिया के पहले चरण के रूप में देखा जा रहा है।

​इस अभियान के जरिए कांग्रेस हर विधानसभा क्षेत्र में आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करेगी।

​10 जिलों को 4 जोन में बांटकर बढ़ेगी कांग्रेस

​अभियान के प्रथम चरण को सुचारू रूप से चलाने के लिए कांग्रेस ने प्रदेश के 10 जिलों को 4 अलग-अलग जोन में विभाजित किया है, जिनकी कमान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को सौंपी गई है:

​जोन 1 (पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत): इस जोन का नेतृत्व स्वयं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल करेंगे।

​जोन 2 (रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और चमोली): इस क्षेत्र में चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और अन्य बड़े नेता अभियान की कमान संभालेंगे।

​जोन 3 (उत्तरकाशी और टिहरी): इन जिलों में चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह खुद अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ मोर्चे पर रहेंगे।

​जोन 4 (अल्मोड़ा और नैनीताल): इस जोन को पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा लीड करने जा रहे हैं।

​हरीश रावत और यशपाल आर्य को मिली खुली छूट: चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य को किसी एक जोन में नहीं बांधा गया है। वे चारों जोन में से किसी भी जिले में जाकर अभियान का हिस्सा बन सकते हैं, ताकि संगठन को हर जगह उनकी मजबूती का लाभ मिल सके।

​इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी पार्टी

​कांग्रेस नेताओं का कहना है कि मुख्य विपक्षी दल होने के नाते उनका दायित्व है कि वे जनता के बीच जाकर प्रदेश की असल हकीकत और सरकार की विफलताओं को उजागर करें। पार्टी इस अभियान के दौरान निम्नलिखित मुद्दों पर फोकस करेगी:

​बदहाल शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था

​बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई

​भ्रष्टाचार और लगातार सामने आ रहे पेपर लीक मामले

​सूबे की बिगड़ती कानून व्यवस्था

​कांग्रेस ने दावा किया है कि इस व्यापक अभियान के माध्यम से सरकार की सच्चाई जनता के सामने लाई जाएगी, जिससे राज्य में बड़े राजनीतिक परिवर्तन की लहर पैदा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *