राजनीति

कर्नाटक विधान परिषद चुनाव: वोटिंग के बीच सीएम डीके शिवकुमार के साथ दिखे बीजेपी विधायक, क्रॉस वोटिंग की चर्चा तेज

कर्नाटक विधान परिषद चुनाव: वोटिंग के बीच सीएम डीके शिवकुमार के साथ दिखे बीजेपी विधायक, क्रॉस वोटिंग की चर्चा तेज

​बेंगलुरु: कर्नाटक में विधान परिषद (MLC) की 7 सीटों पर हो रहे चुनाव के बीच राज्य की राजनीति में बड़ा भूचाल आ गया है। मतदान के दौरान मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के दो विधायकों की एक तस्वीर सामने आई है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। इस तस्वीर को सीधे तौर पर क्रॉस वोटिंग और विपक्षी खेमे में बड़ी सेंधमारी से जोड़कर देखा जा रहा है।

​मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ नजर आने वाले भाजपा विधायक एस.टी. सोमशेखर और शिवराम हेब्बार हैं। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि इन विधायकों के समर्थन से सत्तारूढ़ कांग्रेस को परिषद में अपनी पांचवीं सीट जीतने के लिए जरूरी आंकड़ों का जुगाड़ करने में बड़ी मदद मिलेगी।

​डीके शिवकुमार की पहली बड़ी चुनावी परीक्षा

​कर्नाटक में हाल ही में हुए सत्ता परिवर्तन और डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने के बाद कांग्रेस के लिए यह पहली बड़ी चुनावी लड़ाई है। विधानसभा के सदस्य विधान सौध में इस चुनाव के लिए मतदान कर रहे हैं। मतदान सुबह 9 बजे शुरू हुआ और शाम 4 बजे तक चलेगा, जिसके तुरंत बाद शाम 5 बजे से वोटों की गिनती शुरू हो जाएगी। निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, विधान परिषद की इस रेस में जीत हासिल करने के लिए हर उम्मीदवार को कम से कम 28 विधायकों के वोटों की आवश्यकता है।

​सातवीं सीट के लिए फंसा है पेंच

​कर्नाटक की 224 सदस्यीय विधानसभा में मौजूदा संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस और बीजेपी अपने दम पर सीटें जीतने की स्थिति में हैं। विधानसभा में कांग्रेस के 134 और भाजपा के 62 विधायक हैं, जबकि जनता दल (सेक्यूलर) के पास 18 विधायक हैं। इस गणित के हिसाब से कांग्रेस आसानी से चार और बीजेपी दो सीटें जीत सकती है।

​असली मुकाबला सातवीं सीट के लिए है, जिसके लिए कुल आठ उम्मीदवार मैदान में हैं। सातवीं सीट के लिए कांग्रेस और जद(एस) दोनों ने अपने-अपने प्रत्याशी उतारे हैं, लेकिन किसी भी एक दल के पास इसे अकेले जीतने का बहुमत नहीं है। ऐसे में मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार निर्दलीय और भाजपा के बागी व निष्कासित विधायकों के भरोसे पांचवीं सीट पर कब्जा जमाने की पूरी जुगत लगा रहे हैं।

​चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवार

​इस चुनाव में कांग्रेस की तरफ से बी.के. हरिप्रसाद (प्रदेश अध्यक्ष), टी. कामकनूर, पी वी मोहन, शिवन्ना बी.एस. और विनय कार्तिक प्रकाश किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, भाजपा की ओर से लिंगराज पाटिल और रघु आर मैदान में हैं, जबकि जद(एस) ने गोविंदराजू को अपना उम्मीदवार बनाया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि शाम को आने वाले नतीजों में डीके शिवकुमार का यह ‘दांव’ कितना असरदार साबित होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *