ब्राजील महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान रोबर्टा मोरेटी ने क्रिकेट को अलविदा कहा, 13 साल के सुनहरे सफर का हुआ अंत
ब्राजील महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान रोबर्टा मोरेटी ने क्रिकेट को अलविदा कहा, 13 साल के सुनहरे सफर का हुआ अंत
ब्रासीलिया: ब्राजील की महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान और दिग्गज खिलाड़ी रोबर्टा मोरेटी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही ब्राजील के महिला क्रिकेट में एक बड़े युग का अंत हो गया है। लगभग 13 वर्षों तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाली मोरेटी ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक वीडियो साझा कर अपने संन्यास का ऐलान किया।
मोरेटी ने वीडियो में कहा, “यह एक लंबा सफर रहा है, जिसमें हमने कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। जब मैंने 2013 में क्रिकेट की शुरुआत की थी, तब मेरा सपना सिर्फ देश का प्रतिनिधित्व करना और चैंपियनशिप जीतना था। लेकिन समय के साथ मेरा मकसद सिर्फ जीतना नहीं, बल्कि खेल के जरिए एक बेहतर इंसान बनना बन गया। मैंने इस खेल को अपना सब कुछ दिया, लेकिन क्रिकेट ने मुझे उससे कहीं ज्यादा लौटाया है।”
टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर और शानदार रिकॉर्ड
रोबर्टा मोरेटी ब्राजील की उन चुनिंदा खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्होंने खेल को जमीनी स्तर पर स्थापित करने में बड़ी भूमिका निभाई। वह ब्राजील की केवल उन दो महिला क्रिकेटरों में से एक हैं जिन्होंने टी20 अंतरराष्ट्रीय (T20I) क्रिकेट में 1000 से अधिक रन बनाए हैं।
मैच: 68
रन: 1278
विकेट: 33
33 मैचों में की कप्तानी, देश को दिलाए दो खिताब
वर्ष 2023 में कप्तानी छोड़ने से पहले मोरेटी ने 33 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में ब्राजील की अगुवाई की। उनकी कप्तानी में ब्राजील ने 2018 और 2023 के बीच खेली गई तीन साउथ अमेरिकन वूमेंस चैंपियनशिप में से दो बार खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा उन्होंने 2021 और 2023 में महिला टी20 वर्ल्ड कप के अमेरिका रीजन क्वालिफायर में भी टीम का नेतृत्व किया था।
ऐतिहासिक सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट: रोबर्टा मोरेटी जनवरी 2020 में क्रिकेट ब्राजील से सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले 14 खिलाड़ियों के पहले ग्रुप का हिस्सा थीं। खास बात यह है कि ब्राजील में महिलाओं को यह कॉन्ट्रैक्ट पुरुषों की क्रिकेट टीम से काफी पहले मिल गया था।
रवांडा में खेली आखिरी अंतरराष्ट्रीय पारी
कप्तानी छोड़ने के बाद भी मोरेटी बतौर खिलाड़ी टीम से जुड़ी रहीं और साथ ही स्कूली बच्चों को क्रिकेट की कोचिंग देने लगीं। जून 2025 में उन्हें क्रिकेट ब्राजील का अध्यक्ष (प्रेसिडेंट) भी नियुक्त किया गया था। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मुकाबला रवांडा में चल रहे क्विबुका वूमेंस टी20 टूर्नामेंट में खेला, जहां उन्होंने 49 गेंदों पर नाबाद 41 रनों की जुझारू पारी खेली। इस टूर्नामेंट में ब्राजील की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने सात में से चार मैचों में जीत दर्ज की।
