Monday, September 7, 2026
Latest:
खेल

महिला टी20 विश्व कप 2026: ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा भारत

महिला टी20 विश्व कप 2026: ऑस्ट्रेलिया को पछाड़कर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंचा भारत

​लंदन: इंग्लैंड में खेले जा रहे आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। टीम ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर अंक तालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया है। भारत ने टूर्नामेंट के अपने पहले मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को मात दी थी, जिसके बाद दूसरे मुकाबले में नीदरलैंड्स को हराकर अपनी लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

​नेट रन रेट में ऑस्ट्रेलिया से आगे निकला भारत

​भारतीय टीम और गत विजेता ऑस्ट्रेलिया दोनों ने ही अपने-अपने शुरुआती दो मैच जीते हैं और दोनों के पास चार-चार अंक हैं। हालांकि, बेहतर नेट रन रेट के आधार पर भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान पर कब्जा कर लिया है। वर्तमान में भारत का नेट रन रेट +3.975 है, जबकि ऑस्ट्रेलिया +3.875 के नेट रन रेट के साथ दूसरे स्थान पर है। ग्रुप-ए में साउथ अफ्रीका दो अंकों के साथ तीसरे और बांग्लादेश दो अंकों के साथ चौथे स्थान पर काबिज है।

​पाकिस्तान और नीदरलैंड्स की हालत नाजुक

​ग्रुप-ए में पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही है। टीम अपने शुरुआती दोनों मैच हार चुकी है और -2.263 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में पांचवें स्थान पर है। वहीं, नीदरलैंड्स की टीम को भी अब तक अपनी पहली जीत की तलाश है और वह सबसे निचले पायदान पर है। भारतीय टीम का अगला मुकाबला 21 जून (रविवार) को साउथ अफ्रीका से होगा, जिसे टूर्नामेंट में टीम की पहली बड़ी परीक्षा माना जा रहा है।

​ग्रुप-बी में इंग्लैंड का दबदबा

​दूसरी ओर, ग्रुप-बी में मेजबान इंग्लैंड की टीम अपने दोनों मैच जीतकर चार अंकों के साथ पहले स्थान पर बनी हुई है। इस ग्रुप में स्कॉटलैंड, वेस्टइंडीज और श्रीलंका की टीमें दो-दो अंकों के साथ क्रमशः दूसरे, तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। वहीं, न्यूजीलैंड और आयरलैंड की टीमें अब तक अपना खाता खोलने में नाकाम रही हैं और अंक तालिका में सबसे नीचे संघर्ष कर रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *