उत्तराखंड: कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हिंसक झड़प, तलवारबाजी के बाद बदरीनाथ हाईवे पर लगाया जाम
उत्तराखंड: कर्णप्रयाग में सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में हिंसक झड़प, तलवारबाजी के बाद बदरीनाथ हाईवे पर लगाया जाम
कर्णप्रयाग (चमोली): उत्तराखंड के चमोली जिले के कर्णप्रयाग शहर से एक बड़ी खबर सामने आई है. आज मंगलवार, 16 जून को हेमकुंड साहिब की यात्रा पर जा रहे सिख श्रद्धालुओं के एक दल और स्थानीय लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते इस विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई. घटना के दौरान तलवारबाजी होने की भी सूचना है, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं.
तलवार से हमले के बाद भड़का आक्रोश, हाईवे किया जाम
कर्णप्रयाग के क्षेत्राधिकारी (CO) त्रिवेंद्र सिंह राणा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सिख श्रद्धालुओं की कर्णप्रयाग बाजार में स्थानीय लोगों के साथ कहासुनी हुई थी. इसके बाद सिख श्रद्धालुओं द्वारा स्थानीय लोगों पर तलवार से हमला किया गया, जिसमें कुछ लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं.
इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों में भारी आक्रोश फैल गया. विरोध में आक्रोशित लोगों ने कर्णप्रयाग बाजार क्षेत्र में प्रदर्शन किया और बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर जाम लगा दिया.
यात्रियों को हुई भारी परेशानी, पुलिस जांच में जुटी
हाईवे पर जाम लगने के कारण बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब आने-जाने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. यात्रा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके चलते पुलिस को कई स्थानों पर वाहनों को रोकना पड़ा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी तुरंत भारी बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने के प्रयास शुरू किए. अधिकारियों द्वारा स्थानीय लोगों को समझाने-बुझाने का काम किया गया, जिसके बाद पुलिस ने आश्वासन दिया कि जल्द ही यातायात को सुचारू कर दिया जाएगा. फिलहाल पुलिस ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है और विवाद के मुख्य कारणों की गहनता से जांच की जा रही है.
