उत्तराखंड

देहरादून में बड़ा हादसा: बिजली का खंभा लगाते समय 11 हजार की लाइन से उतरा करंट; एक कर्मचारी की मौत, 4 गंभीर रूप से झुलसे

देहरादून में बड़ा हादसा: बिजली का खंभा लगाते समय 11 हजार की लाइन से उतरा करंट; एक कर्मचारी की मौत, 4 गंभीर रूप से झुलसे

​देहरादून: कोतवाली पटेल नगर क्षेत्र के अंतर्गत पथरीबाग स्थित ओम सिटी के पास रविवार को एक भीषण हादसा हो गया. यहाँ आरडीएसएस (RDSS) योजना के तहत बिजली का काम करने के दौरान करंट की चपेट में आने से एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए. सभी हताहत उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले के रहने वाले हैं.

​11 हजार वोल्ट की लाइन से छुआ खंभा

जानकारी के अनुसार, रविवार को ओम सिटी के पास आरडीएसएस योजना के तहत बिजली के खंभे लगाने का काम चल रहा था. एक निजी कंपनी के अधीन ठेकेदार के माध्यम से काम कर रहे पांच कर्मचारी जब खंभा खड़ा कर रहे थे, उसी दौरान वह खंभा पास से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से छू गया.

​हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही पूरे खंभे में तेज करंट फैल गया और पांचों कर्मचारी उसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गए. करंट इतना जोरदार था कि अमरोहा (यूपी) निवासी कर्मचारी उमेश कुमार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

​निजी अस्पताल में चल रहा है इलाज

हादसे के बाद चीख-पुकार मचने पर मौके पर मौजूद लोगों और अन्य कर्मियों ने झुलसे हुए कर्मचारियों को तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया. घायल कर्मचारियों में पप्पू और जसमान सहित चार लोग शामिल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है.

​परिजनों को सौंपा गया शव, जांच में जुटी पुलिस

घटना रविवार को हुई थी, लेकिन इसकी जानकारी मीडिया को बाद में मिली. मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने मृतक उमेश कुमार के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है.

​कोतवाली पटेल नगर के प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि अस्पताल से करंट लगने और एक कर्मचारी की मौत होने की सूचना मिली थी. पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से कोई मुकदमा दर्ज नहीं कराया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *